चलते-फिरते स्पा में बदली हर्षवर्धन राणे की वैन, सफर के दौरान ऐसे कर रहे हैं अपनी देखभाल

मुंबई, 31 मई (आईएएनएस)। फिल्मी सितारे अक्सर अपने खानपान और एक्सरसाइज को लेकर चर्चा में रहते हैं। अभिनेता हर्षवर्धन राणे ने भी अपनी फिटनेस के चलते लोगों का ध्यान खींचते रहते हैं। इस कड़ी में, उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट की, जिसमें उन्होंने अपनी वैनिटी वैन को स्पा रूम में बदल लिया। ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
हर्षवर्धन राणे ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो की शुरुआत बारिश से भीगी सड़कों से होती है। बाहर मौसम सुहावना नजर आ रहा है। इसके बाद कैमरा वैन के अंदर का नजारा दिखाता है, जहां अभिनेता आरामदायक सीट पर लेटे हुए दिखाई देते हैं। उनके ऊपर रेड लाइट है, जिसकी रोशनी शरीर को आराम देने और थकान कम करने के लिए इस्तेमाल की जाती है।
वीडियो में अभिनेता बेहद सुकून के साथ आराम करते दिखाई देते हैं।
वीडियो में अभिनेता बताते हैं कि उन्होंने अपनी वैन को रिकवरी रूम में बदल दिया है। अब जितना ज्यादा ट्रैफिक होगा, उन्हें उतना ही ज्यादा आराम और रिकवरी का समय मिलेगा।
इस वीडियो के साथ हर्षवर्धन राणे ने कैप्शन में लिखा, ”पहियों पर चलने वाला स्पा”। इसके साथ उन्होंने रेड लाइट थेरेपी का हैशटैग भी इस्तेमाल किया।
बता दें कि हर्षवर्धन राणे आज हिंदी और तेलुगु सिनेमा का एक जाना-पहचाना नाम हैं। अभिनेता बनने के लिए महज 16 साल की उम्र में उन्होंने घर छोड़ दिया था। शुरुआती दिनों में उन्होंने दिल्ली में वेटर, एसटीडी बूथ कर्मचारी और कैफे में काम करके अपना गुजारा किया। इसके बाद वह मुंबई पहुंचे। यहां उनके अभिनय करियर की शुरुआत लोकप्रिय टीवी शो ‘लेफ्ट राइट लेफ्ट’ से हुई। छोटे पर्दे पर पहचान बनाने के बाद उन्होंने तेलुगु सिनेमा का रुख किया और साल 2010 में फिल्म ‘थकिता थकिता’ से बड़े पर्दे पर कदम रखा। इसके बाद वह कई साउथ फिल्मों में नजर आए ।
हिंदी सिनेमा में हर्षवर्धन राणे को बड़ी पहचान साल 2016 में रिलीज हुई रोमांटिक फिल्म ‘सनम तेरी कसम’ से मिली। उन्होंने ‘पलटन’, ‘तैश’, ‘हसीन दिलरुबा’ और ‘सावी’ जैसी फिल्मों में भी काम किया। पिछले साल रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘एक दीवाने की दीवानियत’ भी काफी चर्चा में रही।
–आईएएनएस
पीके/एएस