दूसरा टी20: फ्रेया केंप का ऑलराउंडर प्रदर्शन, भारत के खिलाफ इंग्लैंड की 1-1 से बराबरी


ब्रिस्टल, 30 मई (आईएएनएस)। इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम ने शनिवार को भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में 26 रन से जीत दर्ज की। इसी के साथ मेजबान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। ऑलराउंडर प्रदर्शन के लिए फ्रेया केंप को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

काउंटी ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम ने 5 विकेट खोकर 168 रन बनाए। सोफिया डंकले ने डैनी व्याट-हॉज के साथ पहले विकेट के लिए 21 रन की साझेदारी की।

सोफिया डंकले ने 14 गेंदों में 1 छक्के के साथ 10 रन बनाए। इसके बाद डैनी ने एमी जोंस के साथ दूसरे विकेट के लिए 36 रन जोड़े। डैनी ने टीम के खाते में 25 गेंदों में 29 रन का योगदान दिया।

एमी जोंस ने एलिस कैप्सी के साथ तीसरे विकेट के लिए 27 रन जुटाए, जिसके बाद कैप्सी ने हीथर नाइट के साथ 32 रन जोड़कर टीम को शतक के पार पहुंचा दिया। एमी और एलिस 28-28 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जबकि फ्रेया केंप ने 13 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 39 रन की नाबाद पारी खेली। भारत की तरफ से श्री चरणी ने 25 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। नंदिनी शर्मा और श्रेयंका पाटिल को 1-1 विकेट हाथ लगा।

इसके जवाब में भारतीय टीम निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 142 रन ही बना सकी। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की सलामी जोड़ी ने 18 गेंदों में 27 रन जुटाए। शेफाली 14 गेंदों में 5 चौकों के साथ 22 रन बनाकर आउट हुईं।

यहां से मंधाना ने यास्तिका भाटिया के साथ दूसरे विकेट के लिए 36 गेंदों में 43 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 70 के स्कोर तक पहुंचाया। मंधाना ने 25 गेंदों में 32 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

कप्तान हरमनप्रीत कौर चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरीं, जिन्होंने यास्तिका के साथ 36 गेंदों में 39 रन जुटाए। यास्तिका (33) रिटायर्ड हर्ट हुईं, जबकि हरमनप्रीत ने 28 रन टीम के खाते में जोड़े। फ्रेया केंप, लॉरेन बेल और डीन ने 2-2 विकेट हासिल किए। सोफी एक्लेस्टोन ने 1 विकेट निकाला।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button