पीलीभीत में हत्या का आरोपी मुठभेड़ में घायल, पुलिस ने किया गिरफ्तार


पीलीभीत, 30 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले के बिलसंडा थाना क्षेत्र में हुई हत्या के आरोपी को एक मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान जवाबी फायरिंग में पुलिस ने आरोपी के दाहिने पैर में गोली मार दी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पीलीभीत के एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि 28 मई बिलसंडा थाना क्षेत्र में साइकिल की दुकान चलाने वाले पंकज कटियार के साथ अज्ञात युवक आकर मारपीट करने लगे। इसी दौरान बगल में कपड़े की दुकान चलाने वाले पप्पू गुप्ता ने एक आरोपी को रोकने की कोशिश की तो उस पर फायरिंग कर दी। अस्पताल में पप्पू गुप्ता की मौत हो गई थी।

एसपी ने बताया कि थाना बिलसंडा में केस दर्ज कर मामले की जांच के लिए पांच टीमें बनाई गई थीं। साक्ष्य संकलन और पूछताछ के दौरान पता चला कि पंकज कटियार का ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा है। पंकज के ससुर और साले ने साजिश रची थी। इस मामले में पंकज कटियार के ससुर और दो साले नामजद आरोपी हैं, उनको गिरफ्तार किया जा चुका है।

एसपी ने बताया कि वारदात को अंजाम देने आए आरोपियों में से एक की शनिवार को गिरफ्तारी की गई है। चेकिंग के दौरान पुलिस की ओर से जब उसको रोका गया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

एसपी की ओर से बताया गया कि आत्मरक्षार्थ पुलिस ने आरोपी पर फायरिंग की। आरोपी के पैर में गोली लगी। जिला अस्पताल पीलीभीत में उसका इलाज कराया जा रहा है। जल्द ही बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

थाना प्रभारी की ओर से जानकारी दी गई कि पुलिस टीम शनिवार सुबह करीब पांच बजे क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान ईटगांव नहर पुलिया के पास एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखा। पुलिस ने रुकने का संकेत दिया, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। एक गोली मुख्य आरक्षी सुनील कुमार के दाहिने बाजू को छूती हुई निकल गई। पुलिस ने आत्मरक्षा और गिरफ्तारी के लिए जवाबी फायरिंग की। आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है।

–आईएएनएस

एसडी/वीसी


Show More
Back to top button