गोल्फ: ऑस्ट्रियन अल्पाइन ओपन में मुश्किल भरा रहा युवराज संधू का पहला दिन


किट्जब्यूहेल (ऑस्ट्रिया), 29 मई (आईएएनएस)। इस हफ्ते टूर्नामेंट में एकमात्र भारतीय खिलाड़ी युवराज संधू के लिए ‘ऑस्ट्रियन अल्पाइन ओपन’ की शुरुआत मुश्किल भरी रही, जिन्होंने 1-ओवर 71 का स्कोर बनाया और टी-100 स्थान पर रहे। दिन के अंत में चीन के यानहान झोउ 8-अंडर 62 के स्कोर के साथ सबसे आगे रहे।

प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) में कई रिकॉर्ड्स अपने नाम कर चुके 29 वर्षीय संधू ने दिन की शुरुआत फ्रंट नाइन पर लगातार तीन बोगी के साथ की। पांचवें होल पर एक डबल बोगी के कारण उन्होंने राउंड के पहले पांच होल में ही पांच शॉट गंवा दिए। फ्रंट नाइन के अंत में लगातार तीन बर्डी और उसके बाद 12वें और 13वें होल पर बर्डी की मदद से संधू वापस ‘इवन पार’ पर आ गए।

संधू ने 14वें होल पर एक शॉट गंवाया, लेकिन 16वें होल पर एक शॉट हासिल किया। फिर 17वें होल पर एक बर्डी के साथ उन्होंने दिन का खेल 1-ओवर पार पर समाप्त किया। यह एक ऐसा गोल्फ कोर्स है, जहां कम स्कोर बनते हैं। ऐसे में अगर संधू इस हफ्ते सीजन का अपना चौथा ‘कट’ हासिल करना चाहते हैं, तो उन्हें अपनी गति बढ़ानी होगी।

इस टूर्नामेंट में सबसे युवा खिलाड़ी चीन के यानहान झोउ पहले दिन सबसे आगे रहे। 18 वर्षीय गोल्फर ने सात बर्डी, एक ईगल और एक बोगी की मदद से 8-अंडर 62 का शानदार शुरुआती राउंड खेला। अगर वह इस हफ्ते जीत हासिल करते हैं, तो सीधे ‘रेस टू दुबई’ रैंकिंग के टॉप-30 खिलाड़ियों में शामिल हो जाएंगे।

रिकार्डो गौवेइया 7-अंडर 63 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर हैं। साल 2009 में ऑस्ट्रिया में अपना पहला खिताब जीतने वाले राफा कैबरेरा बेल्लो उन छह खिलाड़ियों में से एक हैं जो 6-अंडर 64 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर बराबरी पर हैं। मार्सेल श्नाइडर, टोबियास जॉनसन, डेविस ब्रायंट, लुकास ब्जेरेगार्ड और ब्रैंडन रॉबिन्सन थॉम्पसन तीसरे स्थान पर मौजूद अन्य पांच खिलाड़ी हैं।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button