अपूर्वा अरोड़ा ने फैंस से मांग लिया ऐसा 'बर्थडे गिफ्ट', तस्वीरें शेयर कर लिखी दिल की बात


मुंबई, 29 मई (आईएएनएस)। अभिनेत्री अपूर्वा अरोड़ा की आगामी फिल्म ‘मोमाकु’ रिलीज के लिए तैयार हैं। शुक्रवार को उन्होंने मजेदार पोस्ट कर फैंस से तोहफे की मांग की। दरअसल, अभिनेत्री का जन्मदिन और उनकी फिल्म ‘मोमाकु’ की रिलीज एक ही दिन पड़ रही है। ऐसे में अभिनेत्री ने अपने प्रशंसकों से फिल्म देखने और उसे भरपूर प्यार देने की अपील की।

उन्होंने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह मेकअप रूम में बैठी नजर आ रही हैं। अपूर्वा अरोड़ा ने लिखा, “मेरा जन्मदिन और फिल्म साथ-साथ आ रहे हैं। बेस्ट गिफ्ट यही होगा कि आप लोग मेरी फिल्म देखें और प्यार दें।

अपूर्वा अरोड़ा की आगामी फिल्म ‘मोमाकू’ का पूरा नाम ‘मोटर, माचिस और कटर’ है। यह एक सस्पेंस, थ्रिल और कॉमेडी से भरपूर फिल्म है, जिसमें अभिनेत्री ‘पिंकी’ नाम की मुख्य भूमिका निभा रही हैं। उनके साथ जतिन सरना, यशपाल शर्मा और तुषार दत्त जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आएंगे।

फिल्म की कहानी रात के समय की घटनाओं पर आधारित है, इसलिए इसकी शूटिंग ज्यादातर रात में की गई है। फिल्म की पृष्ठभूमि हरियाणा के ग्रामीण परिवेश पर आधारित है। इसकी कहानी एक सर्द रात में घटी एक अजीबोगरीब घटना के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां कुछ लोग एक बहुत ही चालाक योजना और धोखे का शिकार होते हैं।

इस फिल्म का निर्देशन कुलदीप कुणाल ने किया है और इसमें अपूर्वा जतिन सरना के साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। यह फिल्म 4 जून को केबल वन पर रिलीज होगी।

अभिनेत्री अपूर्वा हिंदी, पंजाबी, कन्नड़ और गुजराती फिल्मों के साथ-साथ ओटीटी पर अपने शानदार अभिनय के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बहुत कम उम्र में एक बाल कलाकार के रूप में फिल्म ‘बबल गम’ से की थी। हालांकि, अभिनेत्री को सबसे ज्यादा पहचान ‘कॉलेज रोमांस’ वेब सीरीज में ‘नायरा’ के किरदार से मिली। इसके अलावा वे ‘फैमिली आज कल’ और ‘बेसमेंट कंपनी’ जैसी लोकप्रिय वेब सीरीज में भी नजर आ चुकी हैं।

–आईएएनएस

एनएस/वीसी


Show More
Back to top button