मोतिहारी में वाहन जांच के दौरान कार से 24.91 लाख रुपए बरामद, दो नेपाल नागरिक सहित चार गिरफ्तार


मोतिहारी, 28 मई (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक कार से 24 लाख 91 हजार से ज्यादा की राशि जब्त की है। इस मामले में पुलिस ने पड़ोसी देश नेपाल के दो नागरिकों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि निमुइया चौक के पास पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक आई-10 कार को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसमें से यह भारी मात्रा में नकद राशि बरामद हुई। इतनी बड़ी रकम के वैध स्रोत को लेकर जब कार सवारों से पूछताछ की गई तो वे कोई भी प्रामाणिक दस्तावेज नहीं दिखा सके।

उन्होंने बताया कि पैसा कार की डिक्की में तहखाना बनाकर छिपा कर रखा गया था। उस मामले में कार पर सवार चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों में स्थानीय लोगों के साथ-साथ नेपाल का नागरिक भी शामिल है। गिरफ्तार लोगों में आदापुर निवासी कृष्णा सहनी, नरकटियागंज थाना क्षेत्र के कटकेनवा के सुभाष कुमार, नेपाल के बारा के रामनगर निवासी दीपेश कुमार यादव और प्रज्वल सहनी हैं।

पुलिस ने बताया कि ये सभी लोग पटना से आ रहे थे। पुलिस को आशंका है कि ये सभी अवैध मादक पदार्थों के धंधे में लिप्त हैं और बरामद पैसा इसी व्यापार से अर्जित किया गया है। पुलिस गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस प्रशासन ने पूरी राशि को आधिकारिक तौर पर जब्त कर लिया है और अब इस बात की गहन जांच की जा रही है कि यह बरामद राशि किस स्रोत से लाई जा रही थी और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था।

बता दें कि मोतिहारी पुलिस मादक पदार्थों को लेकर लगातार छापेमारी कर रही है और सभी मार्गों पर तलाशी अभियान चला रखी है।

–आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी


Show More
Back to top button