मध्य प्रदेश के सोयाबीन किसानों को प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए सरकार: दिग्विजय सिंह


भोपाल, 22 मई (आईएएनएस) मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राज्य के किसानों को सोयाबीन के प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने की मुख्यमंत्री से मांग की है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर मध्यप्रदेश में किसानों के लिए गुणवत्तायुक्त प्रमाणित सोयाबीन बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने, दूसरे राज्यों में बीज के निर्यात, परिवहन पर रोक लगाने तथा बीज प्रमाणीकरण संस्था में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की है।

दिग्विजय सिंह ने अपने पत्र में कृषि सलाहकार परिषद, मध्यप्रदेश के पूर्व सदस्य केदार सिरोही द्वारा भेजे गए ईमेल का उल्लेख करते हुए कहा है कि किसानों को समय पर उचित मूल्य पर प्रमाणित बीज उपलब्ध न होने से कृषि उत्पादन और किसानों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश में सोयाबीन उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य है, इसलिए किसानों के हितों की रक्षा के लिए यह आवश्यक है कि प्रदेश में प्रमाणित बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा बीज प्रमाणीकरण प्रक्रिया में यदि किसी प्रकार की अनियमितता हो रही हो तो उसकी निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।

दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि किसानों के हितों से जुड़े इस गंभीर विषय पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

–आईएएनएस

एसएनपी


Show More
Back to top button