राजा राममोहन राय की जयंती पर ओम बिरला और अमित शाह समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, बताया भारतीय नवजागरण का अग्रदूत


नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। समाज सुधारक और ब्रह्म समाज के संस्थापक राजा राममोहन राय की शुक्रवार को जयंती मनाई जा रही है। इस अवसर पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने राजा राममोहन राय को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने राजा राममोहन राय को भारतीय नवजागरण के महान पुरोधा और प्रखर समाज सुधारक बताते हुए उन्हें नमन किया। ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “राजा राममोहन राय ने सत्य, तर्क, शिक्षा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को समाज परिवर्तन का आधार बनाते हुए भारतीय समाज को नई चेतना प्रदान की। उन्होंने नारी शिक्षा, महिला अधिकारों और सामाजिक समानता की वकालत करते हुए यह संदेश दिया कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब समाज का हर वर्ग सम्मान और अवसर प्राप्त करे।”

उन्होंने आगे लिखा, “राजा राममोहन राय ने भारतीय संस्कृति और आधुनिक विचारों के बीच संतुलन स्थापित करते हुए एक ऐसे भारत की कल्पना की, जो विवेकशील, प्रगतिशील और मानवीय मूल्यों से परिपूर्ण हो। उनके विचारों ने भारतीय समाज में नवजागरण की वह चेतना पैदा की, जिसने आगे चलकर सामाजिक और राष्ट्रीय आंदोलनों को नई दिशा दी।”

इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पोस्ट किया, “भारतीय नवजागरण के अग्रदूत राजा राममोहन राय की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। राजा राममोहन राय जी ने ब्रह्म समाज की स्थापना कर सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वासों और भेदभाव के विरुद्ध लोगों को जागरूक किया। शिक्षा, सामाजिक सुधार और लोक प्रशासन के क्षेत्र में उनके योगदान ने आधुनिक भारत की नींव को भी मजबूत किया। राजा राममोहन राय जी के विचार और आदर्श सदैव राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जागृति के पथ को आलोकित करते रहेंगे।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजा राममोहन राय की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “राजा राममोहन राय ने समाज को अंधविश्वास से विवेक की ओर, कुरीतियों से प्रगतिशील चेतना की ओर अग्रसर किया। आधुनिक शिक्षा के प्रसार में उनका योगदान सदैव राष्ट्र को प्रेरित करता रहेगा।”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी राजा राममोहन राय को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “सती प्रथा और बाल विवाह जैसी कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाकर उन्होंने समाज को प्रगति की नई राह दिखाई। उनके विचार और सामाजिक सुधार के प्रयास हमें सदैव सशक्त और समतामूलक समाज के निर्माण की प्रेरणा देते रहेंगे।”

वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पोस्ट किया, “भारतीय पुनर्जागरण के अग्रदूत, आधुनिक भारत के जनक और महान समाज सुधारक राजा राममोहन राय की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन। समाज को रूढ़िवादी सोच और सामाजिक कुरीतियों से बाहर निकालने, महिलाओं के अधिकारों और सम्मान को सशक्त करने तथा प्रगतिशील भारत के निर्माण में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।”

–आईएएनएस

डीसीएच/


Show More
Back to top button