आईपीएल 2026: मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हराकर प्लेऑफ की दौड़ में बरकरार केकेआर


कोलकाता, 21 मई (आईएएनएस)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 65वां मुकाबला अपने नाम किया। ईडन गार्डन्स स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (एमआई) को 4 विकेट से शिकस्त देने के साथ केकेआर ने प्लेऑफ की रेस में खुद को बनाए रखा है।

मैच में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी मुंबई इंडियंस 8 विकेट खोकर 147 रन बना सकी। इस टीम ने 41 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए थे। जब पारी के 8 ओवर पूरे हो गए थे, बारिश ने दखल दिया, लेकिन ब्रेक के बावजूद ओवरों में कटौती नहीं की गई।

कप्तान हार्दिक पांड्या ने तिलक वर्मा के साथ पांचवें विकेट के लिए 49 गेंदों में 43 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की। तिलक वर्मा 20 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पांड्या ने 26 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

कॉर्बिन बॉश ने दीपक चाहर के साथ आठवें विकेट के लिए 20 गेंदों में 42 रन की साझेदारी करते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। बॉश 18 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 32 रन बनाकर नाबाद रहे। विपक्षी खेमे से सौरभ दुबे, कैमरून ग्रीन और कार्तिक त्यागी ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि सुनील नरेन ने 1 विकेट निकाला।

इसके जवाब में केकेआर ने 18.5 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस टीम ने पहले ही ओवर में फिन एलन (8) का विकेट गंवा दिया। यहां से कप्तान अजिंक्य रहाणे ने मनीष पांडे के साथ 28 गेंदों में 38 रन की साझेदारी की।

रहाणे 17 गेंदों में 4 चौकों के साथ 21 रन बनाकर आउट हुए। कुछ देर बाद कैमरून ग्रीन (4) भी पवेलियन लौट गए। टीम ने 7.1 ओवरों में 54 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए थे। यहां से रोवमैन पॉवेल ने मनीष पांडे के साथ चौथे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।

मनीष 33 गेंदों में 6 चौकों के साथ 45 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यहां से टीम को जीत के लिए 30 गेंदों में 30 रन की दरकार थी। 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर पॉवेल कैच आउट हुए। उन्होंने इस पारी में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 40 रन बनाए।

अंतिम ओवरों में रिंकू सिंह (9) और अनुकूल रॉय (4) ने नाबाद पारी खेलते हुए टीम को 7 गेंदें शेष रहते जीत दिलाई। विपक्षी खेमे से कॉर्बिन बॉश ने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले। दीपक चाहर, गजनफर और जसप्रीत बुमराह को 1-1 विकेट हाथ लगा।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button