बिहार में सहयोग शिविर कैंपेन की शुरुआत, नेताओं ने कहा- सीएम का उचित निर्णय

पटना, 19 मई (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सहयोग शिविर कैंपेन को लेकर बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव और राजीव रंजन की प्रतिक्रिया सामने आई है।
मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से उचित निर्णय लिया गया है। बिहार के हित और जनता के लिए पंचायतों में सहयोग शिविर लगाए जाएंगे। जो भी शिकायते आएंगी उसका 30 दिनों के अंदर निस्तारण किया जाएगा। अगर शिकायतों का निस्तारण अधिकारी नहीं करेंगे तो उनको निलंबित कर दिया जाएगा।
रामकृपाल यादव ने आगे कहा कि सहयोग शिविर कैंपेन के लिए सीएम खुद भी जा रहे हैं, साथ ही मंत्रियों को भी भेजा है। मैं बेगूसराय जा रहा हूं, इस दौरान तीन पंचायतों का दौरा करूंगा। वहां के लोगों से मिलकर परेशानियों को सुना जाएगा।
पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी को लेकर रामकृपाल यादव ने कहा कि खाड़ी युद्ध बंद नहीं होने की वजह से पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ोतरी की गई है। स्थिति नियंत्रण में रहने के लिए भारत सरकार ने पूरी कोशिश की। दुनिया के कई देशों में बहुत पहले ही कीमतों में बढ़ोतरी किया जा चुका है, लेकिन खाड़ी युद्ध बंद नहीं होने से तेल का संकट जारी है। परिस्थिति को देखते हुए सरकार ने निर्णय लिया है।
तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की स्थिति काफी ठीक है। कानून-व्यवस्था नियंत्रण में है। अपराधियों को लगातार पकड़ा जा रहा है। अपराधियों का पाताल से निकालकर एनकाउंटर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सहयोग शिविर अभियान पर जदयू नेता राजीव रंजन ने कहा कि बिहार में सुशासन की लंबे समय से यात्रा रही है। नीतीश कुमार ने कुछ मूल्य स्थापित किए हैं। भ्रष्टाचार को लेकर जीरो-टॉलरेंस की नीति है; मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उसी विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। यह बड़ा फैसला है। एक शिविर में उनका मौजूद होना यह संदेश है कि अगर निर्धारित समय सीमा के अंदर काम नहीं हुआ तो अधिकारियों को इसके दूरगामी नतीजों को भुगतने के लिए तैयार रहना होगा।
–आईएएनएस
एसडी/एएस