पीएम मोदी की 'ईंधन बचाओ' अपील के समर्थन में उतरे अनुपम खेर, वंदे भारत ट्रेन से की यात्रा


मुंबई, 18 मई (आईएएनएस)। अभिनेता अनुपम खेर अक्सर सोशल मीडिया के माध्यम से अपने विचार शेयर करते रहते हैं। सोमवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने और यात्रा के टिकाऊ तरीके अपनाने की अपील का समर्थन करते हुए इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर की।

पोस्ट किए गए वीडियो के जरिए अभिनेता ने सभी से पीएम की बात मानने को लेकर कहा, “नमस्कार दोस्तों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से अपील की है कि हम सभी को पेट्रोल और डीजल बचाने की कोशिश करनी चाहिए। साथ ही, जहां तक हो सके, सभी को सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करना चाहिए।”

अभिनेता ने आगे कहा, “हमें कम दूरी के लिए अपनी कार निकालने से बचना चाहिए और रोजमर्रा के जीवन में, छोटे-छोटे बदलाव और देश के लिए योगदान देना चाहिए। मुझे लगता है कि वह बिल्कुल सही कह रहे हैं और इसी बात को ध्यान में रखते हुए, मैं जयपुर से दिल्ली तक वंदे भारत ट्रेन से यात्रा कर रहा हूं।”

अभिनेता ने सभी को समझाते हुए कहा कि यह कोई बड़ा बलिदान नहीं है, लेकिन हम सभी छोटे-छोटे प्रयास करेंगे, तो इसका फायदा हमें आगे चलकर मिलेगा। उन्होंने कहा, “आज की दुनिया में, एक जिम्मेदार नागरिक होने का मतलब सिर्फ बातें करना नहीं है बल्कि हमारी आदतों में छोटे-छोटे बदलाव करना जरूरी है।”

अभिनेता ने कहा, “उदाहरण के लिए अगर दो लोग एक ही कार में यात्रा कर सकते हैं, तो दो अलग-अलग कारें क्यों निकाली जाएं? मुझे लगता है कि देश की सेवा सिर्फ सीमाओं तक ही सीमित नहीं है।”

अपनी बात को खत्म करते हुए अनुपम ने कहा, “कभी-कभी, हम इसे अपने रोजमर्रा के जीवन के छोटे-छोटे पलों में भी देख सकते हैं और इसे देखा जाना भी चाहिए। तो चलिए, जितना हो सके उतना योगदान दें। धन्यवाद। जय हिंद।”

अभिनेता ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की देश के लिए मुहिम में मेरा एक छोटा सा प्रयास। जय हिन्द।”

–आईएएनएस

एनएस/पीएम


Show More
Back to top button