चीन, अमेरिका और यूएई के पुलिस बलों ने पहला संयुक्त अभियान चलाया


बीजिंग, 17 मई (आईएएनएस)। चीनी सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय ने रविवार को घोषणा की कि चीन, अमेरिका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) तीन देशों के पुलिस बलों ने हाल ही में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय कानून प्रवर्तन सहयोग अभियान चलाया, जिसमें दुबई में दूरसंचार और ऑनलाइन धोखाधड़ी के खिलाफ संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई।

उन्होंने नौ धोखाधड़ी अड्डों का भंडाफोड़ किया और 276 संदिग्धों को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि धोखाधड़ी करने वाले गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पीड़ितों के साथ प्रेम संबंध बनाते थे, उनका विश्वास जीतते थे और फिर उन्हें तथाकथित उच्च-लाभ वाले क्रिप्टोकरेंसी प्रोजेक्टों में निवेश करने के लिए लुभाते थे, जिससे वे ठगी का शिकार हो जाते थे।

सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय के संबंधित अधिकारी ने कहा कि यह संयुक्त अभियान चीनी पुलिस के अंतरराष्ट्रीय कानून प्रवर्तन सहयोग की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। चीनी पुलिस संयुक्त अभियान चलाने के लिए अधिक देशों के साथ व्यावहारिक सहयोग गहरा करेगी, दूरसंचार धोखाधड़ी अड्डों को खत्म करेगी और दूरसंचार धोखाधड़ी में शामिल संदिग्धों को गिरफ्तार करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी, ताकि सभी देशों के लोगों के वैध अधिकारों और हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा की जा सके।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

–आईएएनएस

एबीएम/


Show More
Back to top button