प्रधानमंत्री की ऊर्जा बचत अपील की अवहेलना पर भिंड किसान मोर्चा अध्यक्ष की पद से छुट्टी


भोपाल, 14 मई (आईएएनएस)। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ऊर्जा बचत की अपील की और इस अपील का बड़ी संख्या में लोग अनुकरण भी कर रहे हैं। वहीं, मध्य प्रदेश की किसान मोर्चा इकाई के भिंड जिला अध्यक्ष ने इस अपील की अवहेलना कर वाहन रैली निकाली। इसे भाजपा संगठन ने गंभीरता से लिया और किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष सज्जन सिंह यादव को पद से हटा दिया है।

बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेशवासियों से डीजल पेट्रोल की खपत कम करने की अपील की थी। इस अपील पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने वाहनों का काफिला कम कर दिया है वहीं, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और जगदीश देवड़ा ने भी पायलट और फॉलो वाहन को वापस कर दिया। साथ ही राज्य के मंत्रियों सहित संगठन ने पदाधिकारी को प्रधानमंत्री की अपील के अनुसार पेट्रोलियम पदार्थों की खपत कम करने के लिए आवश्यक पहल की अपील और निर्देश दिए।

इसी बीच भिंड जिले के किसान मोर्चा अध्यक्ष सज्जन सिंह यादव के नेतृत्व में बुधवार को वाहन रैली निकाली। यह रैली ग्वालियर से भिंड तक गई। वाहन रैली सोशल मीडिया से लेकर समाचार पत्रों पर नजर आई और इसे पार्टी संगठन ने गंभीरता से लिया है।

किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने यादव को पद से हटा दिया है और एक पत्र जारी किया है, जिसमें लिखा है कि ग्वालियर से सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ भिंड तक किसान मोर्चा की रैली निकाली गई। यह कार्य प्रधानमंत्री मोदी की ऊर्जा बचत के लिए की गई अपील की अवहेलना है।

प्रदेश संगठन ने इस कार्य को गंभीरता से लेते हुए अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देशानुसार यादव की किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष की नियुक्ति निरस्त की जाती है।

–आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी


Show More
Back to top button