'दिलवाले चोर' के वर्शन में किया सुधार, रोचक कोहली के साथ जैमिंग करते आए नजर


मुंबई, 13 मई (आईएएनएस)। अभिनेता आयुष्मान खुराना की आगामी फिल्म ‘पति-पत्नी और वो दो’ सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है। यह फिल्म 2019 में आई ‘पति पत्नी और वो’ का एक आध्यात्मिक सीक्वल है, जो हंसी और पारिवारिक ड्रामा से भरपूर होगी।

कुछ समय पहले फिल्म का गाना ‘दिलवाले चोर’ रिलीज हुआ था, जिसे रोचक कोहली ने संगीतबद्ध किया है। बुधवार को अभिनेता ने रोचक के साथ एक खास वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो में दोनों एक म्यूजिक स्टूडियो में गाना ‘दिलवाले चोर’ पर काम कर रहे हैं।

वीडियो में आयुष्मान ने यह भी बताया कि उन्होंने गाने के कुछ बोलों में इम्प्रोवाइज (सुधार/बदलाव) भी किया है, जो जल्द ही आने वाला है। अभिनेता ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, “आखिरकार, रोचक कोहली के साथ इस खूबसूरत गाने पर जैम करने का मौका मिला। साथ ही, इस वर्शन के लिए नए बोल भी लिख डाले। आप सभी को इसे सुनाने का बेसब्री से इंतजार है।”

बता दें कि रोचक और आयुष्मान बचपन के दोस्त हैं और दोनों ने साथ में ‘पानी दा रंग,’ ‘मिट्टी दी खुशबू,’ और ‘रातां कालियां’ जैसे सफल गाने दिए हैं। गाना ‘दिलवाले चोर’ की बात करें तो गाने का संगीत आधुनिक और क्लासिक मेलोडी का एक बेहतरीन मिश्रण है। गाने को आदित्य रिखारी और श्रेया घोषाल ने मिलकर गाया है, जबकि इसके लिरिक्स कुमार ने लिखे हैं और रोचक कोहली ने इसका संगीत तैयार किया है।

वहीं, गाने में आयुष्मान और सारा अली खान की केमिस्ट्री सभी का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। गाने में दोनों इश्क फरमाते नजर आ रहे हैं। गाने के बोल आधुनिक रोमांस को बखूबी दर्शाते हैं, जिसमें प्यार की शरारत और दिल को छू लेने वाली भावनाएं घुली हुई हैं।

पीयूष-साजिया ने इस गाने को कोरियोग्राफ किया है। यह मेलोडी न केवल प्यार और चाहत की कहानी बुनती है बल्कि इसमें एक चंचल चार्म भी है जो दर्शकों को खुद से जोड़े रखता है।

अजीज मुदस्सर द्वारा निर्देशित फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ में सारा अली खान और आयुष्मान खुराना के अलावा, रकुल और वामिका गब्बी मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म प्रयागराज की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जो गलतफहमियों और हास्य के साथ रोमांस पेश करती है।

–आईएएनएस

एनएस/पीएम


Show More
Back to top button