बलूचिस्तान में पाक‍िस्‍तानी सेना पर हमले की बीएलएफ ने ली ज‍िम्‍मेदारी, सात सैनिकों की मौत


क्वेटा, 13 मई (आईएएनएस)। बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) ने दावा किया कि उसने पूरे बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर कई हमले किए, जिनमें सात सैनिकों की मौत हुई।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, बीएलएफ के प्रवक्ता मेजर ग्वाहरम बलूच ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि 10 मई को संगठन के लड़ाकों ने सुराब जिले के बैंचा इलाके में पाकिस्तानी सेना के एक काफिले पर घात लगाकर हमला किया।

उन्होंने कहा कि यह काफिला सैन्य कैंपों के बीच जा रहा था, तभी उस पर रॉकेट, लाइट मशीन गन और दूसरे ऑटोमैटिक हथियारों से हमला किया गया। समूह का दावा है कि इस हमले में सेना की दो गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा, जबकि पांच सैनिक मारे गए और चार घायल हुए।

द बलूचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, प्रवक्ता ने कहा कि पास की एक चौकी से सुरक्षा बलों के जवान थोड़ी देर बाद मौके पर पहुंचे, लेकिन बीएलएफ लड़ाकों के साथ आगे हुई झड़प के बाद उन्हें पीछे हटना पड़ा।

इसी दिन हुए एक दूसरे हमले में बीएलएफ ने दावा किया कि उसने खारान जिले के तगाजी इलाके में मुख्य पुल पर मौजूद पाकिस्तान की फ्रंटियर कॉर्प्स (एफसी) की चौकी को निशाना बनाया।

समूह के मुताबिक, रॉकेट, ग्रेनेड लॉन्चर और ऑटोमैटिक हथियारों से किए गए इस हमले में एफसी के दो जवान मारे गए और तीन घायल हुए।

बीएलएफ ने यह भी दावा किया कि सात मई को उसके लड़ाकों ने कोलवाह के मलार डंब इलाके में एक कम्युनिकेशन टावर को निशाना बनाया, जिसमें निगरानी के उपकरण लगे हुए थे। संगठन के अनुसार, टावर को बंद कर दिया गया और उससे जुड़ी मशीनों में आग लगा दी गई।

इसके अलावा बीएलएफ ने कहा कि 6 मई को उसके लड़ाकों ने मस्तुंग में पुलिस की ईगल फोर्स की एक गश्ती टीम को रोका, कुछ समय के लिए पुलिसकर्मियों को हिरासत में लिया और उनकी एक कलाश्निकोव राइफल भी अपने कब्जे में ले ली।

दूसरी तरफ, बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स (बीआरजी) ने भी बलूचिस्तान के नसीराबाद जिले में बिजली ढांचे पर किए गए हमले की जिम्मेदारी ली है।

बीआरजी के प्रवक्ता दोस्तैन बलोच ने बयान में कहा कि संगठन के लड़ाकों ने मीरवाह इलाके में दो बिजली ट्रांसमिशन टावरों पर विस्फोटक लगाए थे। ये टावर उच्छ पावर प्लांट से क्वेटा तक बिजली पहुंचाते थे। विस्फोट के कारण दो टावर पूरी तरह तबाह हो गए और दो अन्य को भारी नुकसान पहुंचा।

बीआरजी ने कहा कि ‘बलूचिस्तान की आजादी’ तक उनके अभियान जारी रहेंगे।

ये ताजा घटनाएं ऐसे समय में सामने आई हैं, जब हाल के दिनों में बलूच संगठनों की ओर से बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना और पुलिस पर हमले लगातार बढ़े हैं। इन हमलों में भारी नुकसान और कई लोगों के हताहत होने की खबरें सामने आई हैं।

–आईएएनएस

एवाई/एबीएम


Show More
Back to top button