गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों पर आशीष नेहरा के प्रभाव को स्वीकार करना होगा: संजय बांगड़

अहमदाबाद, 13 मई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर संजय बांगड़ ने कहा है कि गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों पर हेड कोच आशीष नेहरा का प्रभाव है और इसे हमें स्वीकार करना होगा। बांगड़ ने कहा कि नेहरा को जीटी की गेंदबाजी को आईपीएल 2026 की सबसे मजबूत गेंदबाजी इकाई बनाने का श्रेय मिलना चाहिए।
ईएसपीएनक्रिकइंफो से बात करते हुए बांगड़ ने कहा, “मुझे लगता है कि आपको आशीष नेहरा के असर को मानना होगा। वह अपने नेतृत्व से गेंदबाजों पर असर डालते हैं। सिराज जैसे कई गेंदबाज रहे हैं, जो 2017-18 में करियर की शुरुआत में उनके साथ खेले थे। उस समय, वह आज जैसे मोहम्मद सिराज नहीं थे। जीटी के साथ इस समय का आनंद कगिसो रबाडा भी ले रहे हैं।”
रबाडा के प्रदर्शन में सुधार का श्रेय भी बांगड़ ने नेहरा को दिया।
उन्होंने कहा, “2019 और 2020 सीजन में उनके शानदार साल को नहीं भूलना चाहिए। उसके बाद उनके फॉर्म में गिरावट आई थी। लेकिन नेहरा के नेतृत्व में उनके प्रदर्शन में सुधार आया है। नेहरा रबाडा से उनका बेस्ट निकलवाते हैं। मोहित एक और उदाहरण है जिन्होंने उनके अंडर बहुत अच्छा काम किया। मोहम्मद शमी ने 2023 में और जेसन होल्डर इस सीजन में अच्छा काम कर रहे हैं।”
बांगड़ ने कहा, “मुझे लगता है कि उनका जोर सिर्फ टेस्ट-मैच की लेंथ वाली गेंदबाजी करने पर होता है। वह हमेशा यही कहते हैं। जब हम ब्रॉडकास्ट पर भी साथ काम करते थे, तो वह अक्सर इस बात पर जोर देते थे। जाहिर है, एक असर, जिसका आशीष को उतना श्रेय नहीं मिलता। हमें मानना चाहिए। उनके पास अपने तेज गेंदबाजों से बेस्ट निकलवाने का तरीका है।”
आईपीएल 2026 में जीटी के गेंदबाज बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। गुजरात और एसआरएच के बीच हुए मैच तक सीजन के 11 शीर्ष गेंदबाजों में 5 गुजरात के हैं। रबाडा ने 12 मैच में 21, राशिद खान ने 12 मैच में 16, प्रसिद्ध कृष्णा ने 8 मैचों में 14, जेसन होल्डर ने 6 मैचों में 13 और सिराज ने 12 मैचों में 13 विकेट लिए हैं। इन गेंदबाजों की सफलता में निश्चित रूप से आशीष नेहरा के अनुभव और क्षमता की भूमिका रही थी। इन बेहतरीन गेंदबाजों के दम जीटी अंकतालिका में 16 अंक के साथ शीर्ष पर काबिज है।
–आईएएनएस
पीएके