राजवीर देओल के बर्थडे पर पापा सनी देओल और चाचा बॉबी ने दी खास दुआएं

मुंबई, 12 मई (आईएएनएस)। अभिनेता सनी देओल के छोटे बेटे राजवीर मंगलवार को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर अभिनेता बॉबी देओल ने भी बधाई देते हुए एक खास पोस्ट किया।
सनी देओल ने इंस्टाग्राम पर बेटे के साथ मोंटाज वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं राजवीर बेटा। ढेर सारा प्यार और बहुत सारी शुभकामनाएं। भगवान तुम्हें हमेशा खुश, स्वस्थ और सफल रखे।”
सनी की पोस्ट सभी को काफी पसंद आ रही है। आम यूजर्स से लेकर सनी के परिवार और दोस्तों ने कमेंट सेक्शन में जन्मदिन की बधाई दी। अभिनेता बॉबी देओल ने हार्ट इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी। वहीं, अन्य यूजर्स ने बधाई देते हुए कमेंट किया, “हैप्पी बर्थडे राजवीर।”
अभिनेता बॉबी देओल ने भी इंस्टाग्राम पर पोस्ट के जरिए राजवीर को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने राजवीर के साथ तस्वीर पोस्ट कर लिखा, “राजवीर, तुम्हें हमेशा बहुत सारा प्यार और खुशियां मिलती रहें। जन्मदिन मुबारक हो बेटा।”
राजवीर सनी देओल के छोटे बेटे हैं और धीरे-धीरे मनोरंजन जगत में अपनी पहचान बना रहे हैं। राजवीर ने वर्ष 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘दोनों’ से बॉलीवुड में कदम रखा था।
साल 2023 में रिलीज हुई रोमांटिक ड्रामा फिल्म का निर्माण राजश्री प्रोडक्शंस ने किया था। यह फिल्म आधुनिक रिश्तों, शादी के द्वंद्व और प्यार में खुद के अस्तित्व की अहमियत को दर्शाती है। अवनीश बड़जात्या द्वारा निर्देशित इस फिल्म से राजवीर देओल और पूनम ढिल्लों की बेटी पलोमा ढिल्लों ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था।
फिल्म दो पीढ़ियों की सोच के अंतर और आज के दौर के प्यार को दिखाती है, जिसमें शादी में समानता और आत्म-सम्मान पर जोर दिया गया है। यह फिल्म थाईलैंड में एक डेस्टिनेशन वेडिंग के दौरान दो अजनबियों, देव (राजवीर) और मेघना (पलोमा) की कहानी है, जो अपने-अपने अधूरे प्यार के दर्द को साथ लेकर शादी में मिलते हैं।
–आईएएनएस
एनएस/एबीएम