नोएडा में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, अब क्यूआर कोड स्कैन कर दर्ज कर सकेंगे शिकायत


नोएडा, 12 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नगरी नोएडा में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देने के लिए बिजली विभाग ने नई डिजिटल सुविधा की शुरुआत की है। अब उपभोक्ताओं को बिजली संबंधी शिकायत दर्ज कराने के लिए लंबे इंतजार या बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

बिजली विभाग ने एक नई क्यूआर कोड आधारित हेल्पलाइन सेवा शुरू की है, जिसके माध्यम से उपभोक्ता आसानी से अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। इस नई सुविधा की शुरुआत प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जनपद से की गई है। विभाग का कहना है कि यह व्यवस्था उपभोक्ताओं को तेज, पारदर्शी और सरल सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लागू की गई है।

क्यूआर कोड स्कैन करते ही उपभोक्ता सीधे शिकायत पोर्टल पर पहुंच जाएंगे, जहां वे बिजली बिल, मीटर खराबी, बिजली कटौती, लाइन फॉल्ट, ट्रांसफार्मर संबंधी समस्या और अन्य तकनीकी शिकायतें दर्ज कर सकेंगे। बिजली विभाग के अनुसार, इस नई प्रणाली का लाभ करीब 4.47 लाख बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा। इससे उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया पहले से अधिक तेज और प्रभावी होने की उम्मीद जताई जा रही है।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि शिकायत दर्ज होने के बाद उसकी मॉनिटरिंग डिजिटल माध्यम से की जाएगी और समस्या के समाधान के बाद उपभोक्ता को ई-मेल के जरिए सूचना भी भेजी जाएगी। इससे उपभोक्ता यह जान सकेंगे कि उनकी शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई और समाधान कब पूरा हुआ। अब तक उपभोक्ता मुख्य रूप से 1912 हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से अपनी शिकायतें दर्ज कराते थे, लेकिन कई बार अधिक कॉल होने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।

ऐसे में क्यूआर कोड आधारित नई सुविधा को 1912 हेल्पलाइन के साथ जोड़ा गया है, ताकि शिकायत प्रक्रिया और अधिक सुगम बनाई जा सके।

मुख्य अभियंता संजय कुमार जैन ने बताया कि बिजली विभाग लगातार उपभोक्ताओं को बेहतर और आधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से शिकायतों का निस्तारण तेजी से होगा और पारदर्शिता भी बढ़ेगी। विभाग की कोशिश है कि भविष्य में इस सुविधा को अन्य जिलों में भी लागू किया जाए, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिल सके।

–आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी


Show More
Back to top button