अपनों को खोने का दुख कभी खत्म नहीं होता, पिता को याद कर छलका विशाल ददलानी का दर्द


मुंबई, 12 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड के मशहूर सिंगर और म्यूजिक कंपोजर विशाल डडलानी ने अपने पिता को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट किया। उन्होंने बताया कि उनके पिता को इस दुनिया से गए चार साल हो चुके हैं, लेकिन आज भी ऐसा कोई दिन नहीं गुजरता, जब उन्हें पिता की याद न आती हो। पिता के नाम उनका ये पोस्ट अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

विशाल डडलानी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डाला, जिसमें उन्होंने लिखा, ”आज मेरे पिता का 83वां जन्मदिन होता। उन्हें गुजरे हुए चार साल हो गए हैं, उनके बिना जिंदगी आज भी अधूरी लगती है।”

विशाल ने लिखा, ”जिन लोगों ने अपने किसी प्रिय इंसान को खोया है, वे इस दर्द को अच्छी तरह समझ सकते हैं। अपनों को खोने का दुख कभी खत्म नहीं होता, इंसान बस हर दिन उसे छिपाना सीख जाता है।” उनके इस पोस्ट पर लोगों ने कमेंट्स किए।

एक यूजर ने लिखा, ‘पिता की जगह जिंदगी में कोई नहीं ले सकता, भगवान आपको हिम्मत दे।’

दूसरे यूजर ने लिखा- ‘आपके शब्द सीधे दिल को छू गए, अपनों को खोने का दर्द सच में कभी खत्म नहीं होता।’

अन्य यूजर ने लिखा, ‘अंकल जहां भी होंगे, आप पर गर्व जरूर कर रहे होंगे।’, इस पोस्ट को पढ़कर मुझे भी अपने पापा की याद आ गई। माता-पिता का प्यार जिंदगीभर साथ रहता है, चाहे वो हमारे बीच हों या नहीं और ‘आपकी बात बिल्कुल सही है, इंसान दर्द भूलता नहीं, बस छिपाना सीख जाता है।’

विशाल डडलानी के करियर की बात करें तो उन्होंने भारतीय संगीत जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है। वह सिर्फ सिंगर के साथ-साथ गीतकार और म्यूजिक कंपोजर भी हैं। विशाल ने ‘झंकार बीट्स’, ‘ओम शांति ओम’, ‘दोस्ताना’, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’, ‘बैंग बैंग’, ‘सुल्तान’, ‘रा.वन’, ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ और ‘हैप्पी न्यू ईयर’ जैसी फिल्मों में संगीत दिया।

वहीं बतौर गायक भी उन्होंने कई लोकप्रिय गाने गाए। ‘धूम अगेन’, ‘शीला की जवानी’, ‘जय जय शिवशंकर’, ‘स्वैग से स्वागत’, ‘बाला’, ‘बेबी को बेस पसंद है’ और ‘बदतमीज दिल’ जैसे गानों ने उन्हें लोकप्रिय बना दिया।

–आईएएनएस

पीके/वीसी


Show More
Back to top button