सीएम योगी की राज्यपाल से मुलाकात के बाद यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज

लखनऊ, 9 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार की शाम को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से लखनऊ स्थित ‘जन भवन’ में शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के बाद राज्य में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
‘जन भवन’ की ओर से जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल से शिष्टाचार भेंट की। जनभवन में हुई मुलाकात में मुख्यमंत्री ने उन्हें पुस्तक भी भेंट की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यस्त दिनचर्या के बीच राज्यपाल से मुलाकात की। सीएम योगी शनिवार सुबह पश्चिम बंगाल में सुवेंदु सरकार के शपथ ग्रहण में शामिल हुए। वहां से लौटकर उन्होंने लखनऊ में पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता में शिरकत की। इसके बाद शाम को राज्यपाल से मिले, उनसे प्रदेश के वर्तमान स्थिति पर चर्चा की और सरकार के क्रियाकलापों से अवगत कराया। राज्यपाल ने भी वर्तमान परिदृश्य को लेकर चर्चा की।
प्रदेश में लंबे समय से मंत्रिपरिषद विस्तार की अटकलें चल रही हैं। माना जा रहा है कि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा सरकार सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने के लिए मंत्रिमंडल में बदलाव कर सकती है। सूत्रों की मानें तो सरकार में कुछ मंत्री पद अभी रिक्त हैं, जिन्हें जल्द भरा जा सकता है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि हालिया राज्यों के राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच भाजपा उत्तर प्रदेश में भी संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर सक्रिय रणनीति के तहत फैसले ले सकती है। इसी वजह से मुख्यमंत्री और राज्यपाल की मुलाकात को अहम माना जा रहा है। हालांकि, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अभी तक सरकार या राजभवन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। राज्य सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री की मानें तो रविवार को मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है, जिसमें दलित महिला, पिछड़ा और सामान्य को जगह देने की बातें हो रही हैं।
ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में अधिकतम 60 मंत्री हो सकते हैं, जबकि वर्तमान में कुछ मंत्री पद रिक्त बताए जा रहे हैं। अगले वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिहाज से यह विस्तार काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
— आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी