'बंदर' का टीजर देख 'लॉर्ड बॉबी' पर गर्व करते दिखे सनी देओल, भतीजे करण बोले- 'आप कमाल लग रहे हो चाचा'

मुंबई, 8 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘बंदर’ को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। फिल्म का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई और फैंस से लेकर फिल्म इंडस्ट्री तक हर कोई बॉबी देओल के नए अवतार की तारीफ करता नजर आ रहा है। इसी बीच अब देओल परिवार की तरफ से भी खास प्रतिक्रिया सामने आई है। बॉबी देओल के भाई और अभिनेता सनी देओल, साथ ही उनके बेटे करण देओल ने भी ‘बंदर’ के टीजर को लेकर उत्साह जाहिर किया।
दरअसल, शुक्रवार को सनी देओल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘बंदर’ का टीजर साझा किया। टीजर शेयर करते हुए उन्होंने बेहद खास अंदाज में अपने छोटे भाई की तारीफ की। सनी देओल ने कैप्शन में लिखा, ‘लुकिंग सो गुड माय लॉर्ड बॉबी।’ सनी का यह पोस्ट अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वहीं, सनी देओल के बेटे और अभिनेता करण देओल ने भी अपने चाचा बॉबी देओल की तारीफ करते हुए इंस्टाग्राम पर फिल्म का टीजर शेयर किया। करण ने लिखा, ‘वाह!! ‘बंदर’ का बेसब्री से इंतजार है। बॉबी चाचा, आप कमाल लग रहे हो।’ करण की इस प्रतिक्रिया ने भी फैंस का ध्यान खींचा।
दरअसल, ‘एनिमल’ की सफलता के बाद बॉबी देओल अब डार्क रोल निभा रहे हैं। ‘बंदर’ में भी उनका ऐसा ही एक अलग अवतार देखने को मिल रहा है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
फिल्म के टीजर की बात करें तो इसकी शुरुआत काफी मनोरंजक अंदाज में होती है। बॉबी देओल इसमें समीर मेहरा नाम के किरदार में नजर आते हैं, जो 70 के दशक के डिस्को स्टार जैसे लुक में दिखाई देते हैं और स्टेज पर परफॉर्म करते हैं।
हालांकि कुछ ही पलों बाद कहानी अचानक एक रहस्यमयी मोड़ लेती है। टीजर में दिखाया गया है कि बॉबी देओल का किरदार समीर मेहरा एक डेटिंग ऐप के जरिए कुछ लड़कियों से मिलता है। शुरुआत में सब कुछ सामान्य लगता है, लेकिन धीरे-धीरे वही मुलाकातें उनके लिए मुसीबत बन जाती हैं। वह कानूनी पचड़े में फंस जाते हैं। टीजर में उनकी गिरफ्तारी को भी दिखाया गया है। यही ट्विस्ट फिल्म को और ज्यादा इंटेंस बनाता है। कहानी धीरे-धीरे रहस्य, तनाव और मनोवैज्ञानिक उलझनों की तरफ बढ़ती है। हर सीन के साथ सस्पेंस बढ़ता जाता है।
फिल्म में बॉबी देओल के अलावा सान्या मल्होत्रा, राज बी शेट्टी, सपना पब्बी, सबा आजाद, रिद्धि सेन, जितेंद्र जोशी, इंद्रजीत और नागेश भोसले जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने लिखी है, जो इससे पहले ‘पाताल लोक’, ‘कोहरा’ और ‘उड़ता पंजाब’ जैसी चर्चित कहानियों पर काम कर चुके हैं।
अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी ‘बंदर’ का निर्माण निखिल द्विवेदी की सैफ्रॉन मैजिकवर्क्स ने किया है, जबकि फिल्म को जी स्टूडियोज प्रस्तुत कर रहा है। यह फिल्म 5 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
–आईएएनएस
पीके/पीएम