अमेरिका-ईरान में तनाव बढ़ने से भारतीय शेयर बाजार लाल निशान में खुला, ऑटो और बैंकिंग सेक्टर में गिरावट


मुंबई, 8 मई (आईएएनएस)। अमेरिका और ईरान में तनाव बढ़ने के कारण शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला। इस दौरान सेंसेक्स 212.58 अंक या 0.27 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77,631.94 और निफ्टी 93 अंक या 0.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,233.65 पर था।

शुरुआती कारोबार में व्यापक बाजारों में गिरावट देखी गई। ऑटो और बैंकिंग शेयर कमजोरी का नेतृत्व कर रहे थे। सूचकांकों में निफ्टी ऑटो, निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी ऑयलएंडगैस, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी कंजप्शन, निफ्टी पीएसई और निफ्टी कमोडिटीज लाल निशान में थे। निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी फार्मा और निफ्टी आईटी हरे निशान में थे।

मिडकैप और स्मॉलकैप में मिलाजुला कारोबार हो रहा है। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 76 अंक या 0.12 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 61,926.35 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 8 अंक की मामूली तेजी के साथ 18,701 पर था।

सेंसेक्स पैक में टेक महिंद्रा, एशियन पेंट्स, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, अदाणी पोर्ट्स, टाइटन, भारती एयरटेल, सम फार्मा, इंडिगो और टीसीएस गेनर्स थे। एक्सिस बैंक, एमएंडएम, एचडीएफसी बैंक, इटरनल, बजाज फाइनेंस, मारुति सुजुकी, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी और टाटा स्टील लूजर्स थे।

अमेरिका-ईरान में तनाव के चलते ज्यादातर एशियाई बाजारों में गिरावट देखी जा रही है। टोक्यो, शंघाई, हांगकांग, जकार्ता और सोल लाल निशान में थे। केवल बैंकॉक हरे निशान में था। अमेरिकी शेयर बाजार भी गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुए। इस दौरान मुख्य सूचकांक डाओ जोन्स में 0.63 प्रतिशत और टेक्नोलॉजी इंडेक्स नैस्डैक में 0.13 प्रतिशत की कमजोरी देखी गई।

जानकारों ने कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव कम करने और बढ़ाने का सिलसिला जारी है, जिसके चलते कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इस संकट के बीच एक महत्वपूर्ण बाजार ट्रेंड यह है कि भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद कुछ बाजार बेहद अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि कुछ अन्य का प्रदर्शन खराब है। दक्षिण कोरिया और ताइवान इस वर्ष के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले देश हैं, जिन्होंने क्रमशः 71 प्रतिशत और 40 प्रतिशतका रिटर्न दिया है। इस रिटर्न कुछ एआई शेयरों का बड़ा योगदान है।

–आईएएनएस

एबीएस/


Show More
Back to top button