मेट गाला सीजन की चमक के बीच अभिनेत्री ने दिखाई हाथ की 'सफाई'

मुंबई, 6 मई (आईएएनएस)। इन दिनों दुनियाभर में फैशन के सबसे बड़े मंच ‘मेट गाला’ में दिग्गज सितारे रेड कार्पेट पर अपना जलवा बिखेर रहे हैं। इसी बीच अभिनेत्री काजोल ने भी अपनी एक खास कलाकारी से सबका ध्यान खींचा। बुधवार को अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक खास तस्वीर पोस्ट की।
इस तस्वीर में अभिनेत्री द्वारा धागों से तैयार की गई एक कलाकृति नजर आ रही है। इसका लुक काफी अलग और कलात्मक है। काजोल ने पोस्ट करते हुए लिखा, “अभी मेट गाला का सीजन चल रहा है, तो यह मेरी हाथ से बनाई हुई एक कलाकृति। यह सब कारीगरों के हुनर के बारे में ही है, है ना?”
अभिनेत्री ने इस पोस्ट में करीबी दोस्त फिल्म निर्देशक करण जौहर और मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा को भी टैग किया।
काजोल की यह पोस्ट करण जौहर और मनीष मल्होत्रा की हालिया मेट गाला यात्रा की ओर इशारा करती है। इस साल करण जौहर ने मेट गाला में अपना शानदार डेब्यू किया है। उन्होंने इस खास मौके के लिए मनीष मल्होत्रा द्वारा डिजाइन किया गया एक विशेष आउटफिट चुना, जो मशहूर चित्रकार राजा रवि वर्मा की कला से प्रेरित था।
‘फ्रेम्ड इन इटरनिटी’ नाम के इस लुक में एक स्ट्रक्चर्ड जैकेट और छह फुट लंबा हाथ से पेंट किया हुआ कैप है, जिसे 80 से अधिक कारीगरों ने 85 दिनों में तैयार किया।
करण का यह लुक भारतीय शिल्प कौशल और विरासत को ग्लोबल मंच पर पेश करने वाला एक ऐतिहासिक क्षण माना गया।
काजोल को पिछली बार फिल्म ‘सरजमीं’ में देखा गया। यह फिल्म कश्मीर की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म की कहानी एक कर्तव्यनिष्ठ आर्मी ऑफिसर, उसकी पत्नी, और उनके बेटे के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक आतंकवादी समूह में शामिल हो जाता है।
कायोज ईरानी द्वारा निर्देशित धर्मा प्रोडक्शंस की फिल्म में पृथ्वीराज सुकुमारन, काजोल और इब्राहिम अली खान मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है।
–आईएएनएस
एनएस/एबीएम