नई दिल्ली में भारत-ईयू रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा


नई दिल्ली, 6 मई (आईएएनएस)। भारत के विदेश मंत्रालय (एमईए) में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने बुधवार को नई दिल्ली में यूरोपीय संघ (ईयू) के इंडो-पैसिफिक के विशेष दूत मारिया कैस्टिलो फर्नांडीज के साथ मुलाकात की। इस बैठक में दोनों पक्षों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर पोस्ट कर बताया, “सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने ईयू की विशेष दूत मारिया कैस्टिलो फर्नांडीज से मुलाकात की और भारत-ईयू रणनीतिक साझेदारी को गहरा करने पर चर्चा की।”

पिछले महीने विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दिल्ली में यूरोपीय पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष और यूरोपीय संसद के सदस्य मैनफ्रेड वेबर से मुलाकात की थी। उस बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-यूरोपीय संघ संबंधों में चल रही सकारात्मक प्रगति को जारी रखने और फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) को जल्द मंजूरी देने की जरूरत पर सहमति जताई थी।

जयशंकर ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर बताया, “आज दिल्ली में यूरोपीय पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष और यूरोपीय संसद सदस्य मैनफ्रेड वेबर से मिलकर खुशी हुई। हमने भारत-ईयू संबंधों में सकारात्मक गति बनाए रखने और एफटीए को जल्द मंजूरी देने पर सहमति जताई।”

इस साल की शुरुआत में भारत और यूरोपीय संघ के बीच व्यापार वार्ताएं एक बड़े फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर खत्म हुई थीं। यह वार्ता 27 जनवरी को नई दिल्ली में 16वें भारत-ईयू शिखर सम्मेलन के दौरान पूरी हुई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और अन्य नेताओं ने इसे एक ऐतिहासिक समझौता बताया था।

मार्च में भी विदेश मंत्री जयशंकर ने यूरोपीय संसद के सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी, जिसका नेतृत्व एंजेलिका नीबलर ने किया था। इस दौरान भारत-ईयू संबंधों में नए दौर और बढ़ते सहयोग पर चर्चा हुई थी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और यूरोपीय संघ के संबंध साझा मूल्यों और सिद्धांतों पर आधारित हैं, जैसे लोकतंत्र, कानून का शासन, नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था और बहुपक्षीय सहयोग। दोनों के बीच संबंध व्यापार, निवेश, जलवायु परिवर्तन, विज्ञान और तकनीक, डिजिटल क्षेत्र, कनेक्टिविटी और कृषि जैसे कई क्षेत्रों में फैले हुए हैं।

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी


Show More
Back to top button