फुजैराह पर हमला: कई देशों ने की निंदा, यूएई बोला- 'समर्थन के लिए आभार'


अबू धाबी, 5 मई (आईएएनएस)। संयुक्त अरब अमीरात के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रपति के सलाहकार अनवर मोहम्मद गर्गश ने फुजैराह पोर्ट पर हुए हमले की निंदा करने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने विभिन्न देशों से मिले समर्थन और एकजुटता के संदेशों की सराहना की।

सोशल मीडिया पर अपने बयान में गर्गश ने कहा कि खाड़ी, अरब देशों और वैश्विक समुदाय द्वारा दिखाई गई एकजुटता सराहनीय है। उन्होंने ईरान पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस तरह के कृत्य क्षेत्र में तनाव बढ़ाने वाले हैं और खाड़ी की सुरक्षा और स्थिरता के लिए खतरा पैदा करते हैं।

सोमवार रात हुए कथित हमले में संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह स्थित ऑयल इंडस्ट्री जोन में भीषण आग लग गई। अधिकारियों के अनुसार, ड्रोन और मिसाइलों से किए गए इस हमले को एयर डिफेंस सिस्टम ने काफी हद तक नाकाम कर दिया और 19 हमलावर उपकरणों को मार गिराया। इसके बावजूद एक ड्रोन हमले में आग लगने से तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए।

इस घटना की भारत ने कड़े शब्दों में निंदा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा कि नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य है। उन्होंने यूएई के साथ एकजुटता जताते हुए कूटनीतिक समाधान और क्षेत्रीय शांति की आवश्यकता पर जोर दिया, साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित नौवहन को वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया।

यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने भी इस हमले की आलोचना करते हुए यूएई के साथ समर्थन जताया और इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया। उन्होंने ईरान से क्षेत्र में संघर्ष विराम बनाए रखने के लिए वार्ता का आह्वान किया।

जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने भी हमलों की निंदा करते हुए कहा कि यूएई एक बार फिर ईरानी हमलों का शिकार बना है। उन्होंने तेहरान से बातचीत की मेज पर लौटने, होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी समाप्त करने और परमाणु हथियारों से दूर रहने की अपील की।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने भी इस घटना की आलोचना की और कहा कि उनका देश खाड़ी क्षेत्र में अपने सहयोगियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

–आईएएनएस

केआर/


Show More
Back to top button