दिल्ली: अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, 53 पेटी के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार


नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की शाहदरा जिला यूनिट ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से हरियाणा में बिक्री के लिए बनी 53 पेटी अवैध शराब और एक होंडा सिटी कार बरामद की है। गिरफ्तार किए गए आरोपी पर पहले से ही कई मामले दर्ज हैं।

यह कार्रवाई पुलिस स्टेशन फर्श बाजार की टीम ने की, जो गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी। पुलिस को 2 मई को सूचना मिली थी कि हरियाणा से दिल्ली में एक होंडा सिटी कार के जरिए अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। इसके बाद पुलिस ने रणनीति बनाकर कई जगह बैरिकेड लगाकर निगरानी शुरू की।

संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की गई, जिसमें भारी मात्रा में शराब मिली। पुलिस ने मौके से आरोपी दिलदार, निवासी कैराना (जिला शामली, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया।

इस दौरान पुलिस को कुल 53 पेटी शराब बरामद हुई है। इसके साथ ही पुलिस ने एक होंडा सिटी कार भी जब्त की है। इस मामले में थाना फर्श बाजार में केस दर्ज किया गया है, जिसमें दिल्ली एक्साइज एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लंबे समय से अवैध शराब तस्करी कर रहा था ताकि आसानी से पैसे कमा सके। वह हरियाणा से दिल्ली में निजी वाहनों के जरिए शराब सप्लाई करता था ताकि पुलिस की नजर से बच सके। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले भी कई अवैध गतिविधियों में शामिल रहा है, जिसमें हथियारों की तस्करी भी शामिल है।

आरोपी के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत थाना बवाना और दिल्ली एक्साइज एक्ट, थाना बवाना में मामले दर्ज हैं। शाहदरा जिला पुलिस ने कहा कि अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

–आईएएनएस

एएमटी/एबीएम


Show More
Back to top button