'यह चुनावी जीत नहीं, जनता से जुड़ाव का उत्सव', काजल अग्रवाल ने विजय को दी बधाई


चेन्नई, 4 मई (आईएएनएस)। एक्ट्रेस काजल अग्रवाल ने बुधवार को अभिनेता और राजनेता विजय को बधाई दी, जिनकी पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के परिणामों में तेजी से आगे बढ़ रही है।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, विजय की टीवीके पार्टी राज्य की कुल 234 सीटों में से 105 सीटों पर आगे चल रही है और तीन सीटों पर जीत दर्ज कर ली है।

जैसे ही यह साफ हो गया कि विजय राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने वाले हैं, अभिनेत्री काजल अग्रवाल ने एक्स पर पोस्ट कर विजय को बधाई दी।

काजल, जिन्होंने विजय के साथ कई तमिल फिल्मों में काम किया है, ने कहा, “नान ओरु थडवा सोन्ना, नूरु थडवा सोन्ना मारी” और आज लोगों ने इसे पूर्ण विश्वास के साथ दोहराया है।

उन्होंने कहा, “अभिनेता विजय को इस शानदार और प्रभावशाली जीत पर हार्दिक बधाई। यह क्षण आपकी दूरदृष्टि, आपके दृढ़ संकल्प और लोगों के अटूट प्रेम का सच्चा प्रमाण है।”

अभिनेत्री ने आगे कहा, “तमिलनाडु की जनता ने खुलकर स्पष्ट रूप से और अपार गर्व के साथ अपनी बात कह दी है। यह सिर्फ एक जीत नहीं है, बल्कि लाखों लोगों के साथ एक गहरे और सशक्त जुड़ाव का उत्सव है। इस प्रेरणादायक नए अध्याय में कदम रखते हुए आपको अपार शक्ति और सफलता की शुभकामनाएं। आशा है कि आप वह बदलाव लाएंगे, जिसकी इतने सारे लोग उम्मीद कर रहे हैं। इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर एक बार फिर बधाई।”

अभिनेता सरथकुमार की बेटी और अभिनेत्री वरलक्ष्मी सरथकुमार ने भी विजय को बधाई दी। उन्होंने लिखा, “ओरु वायरल पुरची.. व्हिसल पोडु..!!! विजय वूहूहूहू….!!! जनता ने अपना फैसला सुना दिया है। कई दशकों से बहुतों ने कोशिश की, लेकिन आपने साबित कर दिया कि अगर जनता चाहे तो सत्ता उनकी होती है। हमारे तमिल लोगों के लिए बदलाव और समृद्धि की कामना करती हूं। बधाई हो।”

तमिल संगीत निर्देशक संतोष नारायणन भी उन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने तमिल फिल्म इंडस्ट्री से विजय को बधाई दी। संतोष नारायणन ने एक्स पोस्ट कर लिखा, “हमारे राज्य में इतिहास रचा जा रहा है। अभिनेता विजय सर को बधाई! मैंने अपने जीवनकाल में केवल द्रविड़ पार्टियों को आपस में वोट बांटते देखा है, और यह एक बेहद स्वागत योग्य बदलाव है। नतीजे अभी घोषित नहीं हुए हैं, लेकिन यह हमारे लिए पहले से ही एक ऐतिहासिक क्षण है।

–आईएएनएस

डीकेपी/


Show More
Back to top button