आईपीएल 2026: धीरे-धीरे ठीक हो रहे धोनी, लेकिन टीम के साथ नहीं आए दिल्ली


नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के अनुभवी बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी पिंडली की चोट से धीरे-धीरे उबर रहे हैं, लेकिन टीम के साथ दिल्ली नहीं आए, जहां मंगलवार को अरुण जेटली स्टेडियम में सीएसके का सामना दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) से होगा।

चेन्नई सुपर किंग्स के बॉलिंग कंसल्टेंट एरिक सिमन्स ने पुष्टि करते हुए बताया कि माही टीम के साथ नई दिल्ली नहीं आए हैं। उन्होंने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “महेंद्र सिंह धोनी के बारे में कोई भी अपडेट देना मेरे अधिकार क्षेत्र से बाहर है। वह हमारे साथ नहीं हैं, लेकिन धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। जब वह खेलने के लिए पूरी तरह तैयार होंगे, तब वह खेलेंगे, उन्हें खुद पता है कि वह कब खेलने के लिए तैयार हैं। वह टीम के साथ यहां (दिल्ली) नहीं आए हैं।”

महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल 2026 में अब तक एक भी मैच नहीं खेला है। माही आईपीएल 2025 में 14 मुकाबले खेले थे, जिसमें 24.50 की औसत के साथ 196 रन जुटा सके। सीएसके इस सीजन अब तक 9 मैच खेल चुकी है, जिसमें 4 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में छठे स्थान पर मौजूद है।

चेन्नई सुपर किंग्स को प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए अपने शेष मुकाबलों में से कम से कम चार मैच जीतने होंगे। सीएसके के लिए एक अच्छी बात यह रही है कि कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पिछले दो मुकाबलों में शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं, जिन्होंने क्रमशः 74 और 67 रनों की नाबाद पारियां खेली हैं।

कप्तान की तारीफ में एरिक सिमन्स ने कहा, “नेतृत्व समूह के बारे में हमारी सोच बिल्कुल स्पष्ट है, और वह साफ तौर पर टीम के लीडर हैं। यह तो बस समय की बात थी कि वह कब रन बनाना शुरू करते हैं। उन्होंने कुछ मुश्किल पारियां खेली हैं, क्योंकि उस समय हमारी टीम मुश्किल में थी। पिचें काफी मुश्किल थीं, लेकिन उन्होंने उन मुश्किलों का डटकर सामना किया। मुझे लगता है कि यही एक बेहतरीन बल्लेबाज की असली पहचान होती है कि वह सिर्फ अच्छी पिचों पर ही रन नहीं बनाते, बल्कि मुश्किल पिचों पर भी रन बनाते हैं।”

उन्होंने कहा, “वह (गायकवाड़) ऐसे खिलाड़ी हैं, जो 22 गेंदों में 50 रन बना लेते हैं और आपको पता भी नहीं चलता। हम उनका वह रूप फिर से देखने लगे हैं। उनमें लीडरशिप हमेशा से रही है। वह हमेशा से कप्तान रहे हैं। यह अच्छी बात है कि अब वह रन बना रहे हैं, लेकिन इस बात पर कभी कोई शक नहीं था कि वह रन नहीं बनाएंगे।”

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button