थॉमस कप क्वार्टर फाइनल में भारत का मुकाबला ताइपे से होगा


हॉर्सेंस, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। बीडब्ल्यूएफ थॉमस कप फाइनल में गुरुवार को खेला गया नॉकआउउट ड्रॉ होने के बाद क्वार्टर फाइनल में भारतीय पुरुष टीम का सामना चीनी ताइपे से होगा। साल 2022 के चैंपियन ग्रुप-ए में दूसरे स्थान पर रहे और अपने शुरुआती दो मुकाबलों में कनाडा और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्रमशः 4-1 और 5-0 से जीत हासिल करके पहले ही क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुके थे, लेकिन बुधवार को अपने आखिरी ग्रुप मैच में उन्हें चीन के हाथों 3-2 से हार का सामना करना पड़ा।

चीनी ताइपे ने हार के कगार पर पहुंचने के बावजूद, किसी तरह सबसे मुश्किल रास्ते से गुजरते हुए थॉमस कप के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बनाई।

ग्रुप-सी के आखिरी मुकाबले में मेजबान डेनमार्क को हराना जरूरी था, जिन्हें सिर्फ एक मैच जीतना था, ऐसे में चीनी ताइपे ने बुधवार को अपनी दूसरी और तीसरी सिंगल्स की ताकत पर भरोसा किया, ताकि वे आगे बढ़ सकें।

डिफेंडिंग चैंपियन चीन, जो ग्रुप-ए में अजेय रहते हुए शीर्ष पर रहा, उसका मुकाबला मलेशिया से होगा। ग्रुप-बी के शीर्ष पर रहे जापान का मुकाबला फ्रांस से होगा, जिसने टूर्नामेंट से पहले के पसंदीदा और 14 बार के चैंपियन इंडोनेशिया को चौंकाने वाली हार दी थी। ग्रुप-सी में दूसरे स्थान पर रहने वाले मेजबान डेनमार्क का मुकाबला थाईलैंड से होगा।

इंडोनेशिया के बाद, चीन 11 खिताबों के साथ दूसरी सबसे सफल टीम है। 2004 से 2012 तक लगातार पांच खिताब जीतने वाले चीनियों ने साल 2014 के संस्करण के सेमीफाइनल में जापान के हाथों एक चौंकाने वाली हार का सामना किया। जापान ने नई दिल्ली में एक रोमांचक फाइनल में मलेशिया को हराकर अपना पहला खिताब जीता था।

इसके बाद साल 2016 में इतिहास रचने की बारी डेनमार्क की थी, जब वे थॉमस कप जीतने वाले पहले गैर-एशियाई देश बने, उन्होंने फाइनल में इंडोनेशिया को हराकर यह उपलब्धि हासिल की। साल ​​2018 के संस्करण में चीन ने एक बार फिर जोरदार वापसी करते हुए खिताब जीता, और बैंकॉक में फाइनल में जापान को 3-1 से हराया।

कोविड-19 महामारी के कारण 2020 का संस्करण अक्टूबर 2021 में आयोजित किया गया था। इंडोनेशिया ने 19 साल का सूखा खत्म करते हुए फाइनल में चीन को 3-0 से हराया। 2022 में बैंकॉक में इतिहास रचा गया, जब भारत ने फाइनल में इंडोनेशिया को 3-0 से हराकर अपना पहला बड़ा टीम खिताब जीता। इस तरह भारत थॉमस कप जीतने वाला सिर्फ छठा देश बन गया, और पिछले 8 वर्षों में पहली बार जीतने वाला तीसरा देश। चीन, जिसे एक दशक से यह खिताब नहीं मिला था, चेंगदू में अपने घरेलू मैदान पर जोरदार वापसी करते हुए फाइनल में इंडोनेशिया को 3-1 से हराया।

बीडब्ल्यूएफ थॉमस और उबर कप 2026 नॉकआउट ड्रॉ:

चीन बनाम मलेशिया

थाईलैंड बनाम डेनमार्क

फ्रांस बनाम जापान

भारत बनाम चीनी ताइपे

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button