जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत से बढ़ेगी कनेक्टिविटी, पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बड़ा बढ़ावा : मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक कपिल शर्मा


श्रीनगर, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। उत्तर रेलवे के कश्मीर क्षेत्र के मुख्य प्रबंधक कपिल शर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि ट्रेन के सफल ट्रायल पूरे हो चुके हैं और सेवाओं के विस्तार के साथ यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

कपिल शर्मा ने कहा कि वंदे भारत ट्रेनों की संख्या बढ़ाकर 8 से 20 किए जाने का निर्णय लिया गया है, जिससे वेटिंग लिस्ट की समस्या काफी हद तक कम होगी। उन्होंने इसे न केवल कश्मीर, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय बताया। उनके अनुसार, बेहतर रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि कश्मीर की अर्थव्यवस्था में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका है और अब तक कनेक्टिविटी की कमी के कारण कई लोग यहां आने से वंचित रह जाते थे। लेकिन वंदे भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से यह स्थिति बदलेगी और देशभर से पर्यटकों के लिए श्रीनगर और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंचना अधिक आसान हो जाएगा।

सुविधाओं के बारे में जानकारी देते हुए कपिल शर्मा ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों के लिए उच्च स्तरीय खान-पान और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि हर स्टेशन पर सफाई के लिए विशेष कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जिससे स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखा जा सके।

उन्होंने यह भी बताया कि वंदे भारत में यात्रा करने वाले यात्रियों से अब तक काफी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। बेहतर सुविधाओं और आरामदायक यात्रा के कारण यह ट्रेन यात्रियों की पहली पसंद बनती जा रही है।

कपिल शर्मा ने कहा कि परिवहन के अन्य साधनों की तुलना में रेल सेवा अधिक लोगों को एक साथ सुविधा देने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि हवाई यात्रा की अपनी सीमाएं हैं, खासकर सीटों की उपलब्धता के मामले में। ऐसे में अगर अधिक यात्री रेल सेवा को अपनाते हैं, तो बड़ी संख्या में लोगों को एक साथ यात्रा की सुविधा दी जा सकेगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी। बेहतर कनेक्टिविटी के चलते स्थानीय उत्पादों को देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाना आसान होगा, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

–आईएएनएस

एससीएच


Show More
Back to top button