'यह हमारी सरकार की एक बड़ी गलती है,' बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप से बाहर रहने पर खफा शाकिब

मुंबई, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम की गैरमौजूदगी के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने इस फैसले को बड़ी गलती और क्रिकेट प्रेमी देश के लिए बड़ा झटका बताया।
शाकिब ने ईयूटी20 बेल्जियम जर्सी लॉन्च इवेंट के दौरान पत्रकारों से कहा, “मेरा मानना है कि सरकार की तरफ से यह बहुत बड़ी गलती थी कि उन्होंने उस वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया।”
शाकिब का मानना है कि किसी ग्लोबल टूर्नामेंट से बाहर रहना फैंस और खिलाड़ियों, दोनों को दुख पहुंचाता है, खासकर ऐसे देश में जहां क्रिकेट का बहुत ज्यादा भावनात्मक महत्व है।
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि यह एक बड़ा नुकसान है। जहां तक बांग्लादेश क्रिकेट की बात है, यह एक बड़ी चूक है। क्योंकि एक देश के तौर पर हमें अपने खिलाड़ियों को वर्ल्ड कप में खेलते हुए, मैच खेलते हुए देखना बहुत पसंद है। हम एक क्रिकेट-प्रेमी देश हैं। बांग्लादेश जैसे देश का वर्ल्ड कप में हिस्सा न लेना एक बहुत बड़ी चूक थी।”
टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में खेला गया था, जिसमें बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने मुकाबले बांग्लादेश में आयोजित करवाने की मांग की थी। बांग्लादेश ने आधिकारिक तौर पर अपने इस फैसले के पीछे ‘राष्ट्रीय गरिमा’ और अपनी टीम की सुरक्षा का हवाला दिया था। यह फैसला भारत के साथ बिगड़े कूटनीतिक संबंधों और अपने मैचों को श्रीलंका में शिफ्ट करने की नाकाम कोशिश के बाद लिया गया था, जिसके परिणामस्वरूप उनकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया गया।
टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाड़ियों के बड़े मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका गंवाने के बावजूद, शाकिब देश में इस खेल के भविष्य को लेकर आशावादी हैं। शाकिब को लगता है कि कई युवा खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से धूम मचा रहे हैं।
बांग्लादेश ने इसी महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी। इसके बाद बांग्लादेशी टीम तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज में 1-0 से बढ़त बना चुकी है। दूसरा टी20 मैच बारिश के चलते रद्द हो गया, जिसके साथ अंतिम मैच निर्णायक बन गया है।
शाकिब ने बांग्लादेशी टीम के शानदार प्रदर्शन पर कहा, “मुझे लगता है कि इस समय टीम बहुत अच्छा खेल रही है। उन्होंने अभी-अभी न्यूजीलैंड को हराया है। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टी20 मैच जीता है। इसलिए वे एक अच्छी टीम हैं। पहले, यह सब कुछ व्यक्तिगत प्रदर्शन पर निर्भर करता था। अब यह ज्यादातर टीम के प्रदर्शन पर निर्भर करता है। मुझे लगता है कि आगे बढ़ने का यही सबसे अच्छा तरीका है। ज्यादातर खिलाड़ी बहुत होनहार हैं और वे बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के साथ-साथ कुछ अनुभवी खिलाड़ी भी टीम में मौजूद हैं। मुझे लगता है कि हमारा भविष्य बहुत उज्ज्वल है।”
आगामी ईयूटी20 बेल्जियम टूर्नामेंट के बारे में बात करते हुए शाकिब ने कहा, “जब आप किसी फ्रेंचाइजी लीग में खेलते हैं, जहां खेल के कुछ बड़े नाम मौजूद होते हैं, तो यह हमेशा एक शानदार मौका होता है। युवा खिलाड़ी उनसे बहुत कुछ सीख सकते हैं। इसलिए मुझे लगता है कि यह युवा पीढ़ी और नए खिलाड़ियों के लिए एक बेहतरीन अनुभव होगा।”
मुंबई में बुधवार को ईयूटी20 बेल्जियम लीग की जर्सी लॉन्च और सीजन की घोषणा का कार्यक्रम हुआ, जिसमें क्रिकेट जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। जर्सी लॉन्च के इस कार्यक्रम में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मॉर्गन भी मौजूद थे।
इस दौरान इयोन मॉर्गन ने कहा, “जब मैंने इस आइडिया के बारे में सुना, तो अपने बैकग्राउंड के बारे में सोचा। मैं आयरलैंड और डबलिन में पला-बढ़ा हूं, जहां क्रिकेट आम बात नहीं थी और मौके भी बहुत कम मिलते थे। मेरे अंदर कुछ ऐसा जगा कि मैंने सोचा, ‘अरे वाह! हर युवा यूरोपीय खिलाड़ी के लिए, और खासकर युवा बेल्जियम के खिलाड़ी के लिए, यह कितना शानदार मौका है कि वे आगे आकर दुनिया के कुछ बेहतरीन खिलाड़ियों और इस खेल के कुछ दिग्गजों के साथ खेल सकें। मैं टीम मालिकों, टीम एम्बेसडर्स और इस कमरे में मौजूद प्रत्येक स्टेकहोल्डर को बधाई देना चाहता हूं, क्योंकि हम यूरोपीय क्रिकेट में कुछ बहुत ही रोमांचक और बेहद खास चीज की शुरुआत करने जा रहे हैं।”
–आईएएनएस
आरएसजी