आध्यात्मिक सुकून की तलाश में ओंकारेश्वर पहुंचे अभिनेता श्रेयस तलपड़े

मुंबई, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। अपनी कॉमेडी व दमदार अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता श्रेयस तलपड़े इन दिनों आध्यात्मक यात्रा पर है। अभिनेता ने मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन किए।
मंगलवार को अभिनेता ने अपनी इस यात्रा की कुछ झलक इंस्टाग्राम पर पोस्ट की। इसमें वे मंदिर परिसर में भक्ति में डूबे नजर आ रहे हैं। उन्होंने मंदिर में दर्शन करने और महादेव का आशीर्वाद लेने के पलों को अपने कैमरे में कैद किया।
अभिनेता ने अपने अनुभव को शेयर करते हुए बताया कि ओंकारेश्वर की ऊर्जा बेहद अद्भुत है। अभिनेता ने लिखा, “महादेव ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के इस दिव्य दर्शन के लिए ऋषि पटेल जी और अग्रवाल जी का बहुत बहुत धन्यवाद। इस जगह की जो ऊर्जा है, इसे केवल अनुभव किया जा सकता है, शब्दों में बयां करना थोड़ा मुश्किल है।”
अभिनेता ने अपनी पोस्ट के जरिए खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि इस पवित्र स्थान पर पूजा करने का अवसर पाकर वे बेहद खुश और खुद को भाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। उन्होंने लिखा, “भोलेनाथ हम सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। हर हर महादेव।”
ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में नर्मदा नदी के किनारे स्थित है। यह ‘मांधाता’ या ‘शिवपुरी’ नाम के एक द्वीप पर बना हुआ है। यह भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से चौथा प्रमुख ज्योतिर्लिंग माना जाता है। खास बात यह है कि यह द्वीप ‘ॐ’ (ओम) के आकार जैसा दिखाई देता है। यहां भगवान शिव स्वयंभू शिवलिंग के रूप में विराजमान हैं। इसके साथ ही ममलेश्वर (अमलेश्वर) मंदिर के दर्शन भी बहुत महत्वपूर्ण माने जाते हैं।
अभिनेता श्रेयस तलपड़े जल्द ही अभिनेत्री काजल अग्रवाल के साथ सामाजिक-राष्ट्रीय ड्रामा ‘द इंडिया स्टोरी में नजर आएंगे। यह फिल्म खेती में कीटनाशकों और रसायनों के दुरुपयोग के गंभीर मानवीय और पर्यावरणीय संकट को उजागर करती है।
इस फिल्म का निर्देशन चेतन डीके ने किया है और कहानी सागर बी शिंदे द्वारा लिखी और निर्मित है। यह फिल्म जी स्टूडियोज द्वारा वर्ल्डवाइड रिलीज की जाएगी, जो हिंदी के साथ-साथ तेलुगु और तमिल भाषाओं में भी उपलब्ध होगी।
–आईएएनएस
एनएस/पीएम