आप जैसे हैं, वैसे ही पर्याप्त हैं; बाहरी दिखावे की जरूरत नहीं : संदीपा धर

मुंबई, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। आज के समय में सुंदर दिखने की होड़ ने आम लोगों से लेकर सितारों तक को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। परफेक्ट फिगर पाने के लिए डाइटिंग, जिम और खाने-पीने पर सख्त पाबंदियां अब जीवन का हिस्सा बन चुकी है। इसी मुद्दे को हालिया रिलीज फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ में दिखाया गया है।
फिल्म में अभिनेत्री संदीपा धर ने ‘नैना’ नाम की लड़की का किरदार निभाया है, जो सोशल मीडिया और समाज के दबाव में परफेक्ट दिखने की कोशिश में अपनी असली पहचान खो देती हैं।
मंगलवार को अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का एक सीन पोस्ट किया। इस वीडियो में वे खूबसूरत और परफेक्ट बनने के सफर को बयां करती हैं। वे कहती हैं कि उन्हें ठीक से याद तक नहीं है कि आखिरी बार उन्होंने पेट भरकर खाना कब खाया था। अभिनेत्री ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, “मुझे नैना के इस सीन के लिए आप सभी के ढ़ेर सारे मैसेज मिल रहे हैं। नैना का इस कदर टूटना उस झूठ का नतीजा है, जो हमें बचपन में सिखाया गया है। हमें बताया गया है कि हम तभी बेहतर कहलाएंगे, जब हम 5 किलो वजन कम कर लेंगे, जब हमें प्रमोशन मिल जाएगा या जब हम पूरी तरह परफेक्ट दिखेंगे।”
संदीपा आगे लिखती हैं कि नैना के साथ-साथ उन्होंने यह भी महसूस किया है कि इंसान जैसा है, वैसा पर्याप्त और पूरा है। खुश रहने के लिए किसी बाहरी दिखावे या दूसरों की मंजूरी की जरूरत नहीं है।
रवि उद्यावर द्वारा निर्देशित फिल्म में संदीपा के अलावा, सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर भी मुख्य भूमिका में है। फिल्म में अभिनेत्री संदीपा दिखने में बेहद खूबसूरत और खुशमिजाज लगती है, लेकिन अंदर से वह बेहद अकेली, पहचान खोने के डर और दूसरों से तारीफ पाने की भूख से जूझती है। अभिनेत्री संदीपा का किरदार आज की उन लड़कियों का प्रतिनिधित्व करता है, जो समाज के बनाए ‘परफेक्ट’ होने के मापदंडों के नीचे दबी हुई हैं।
20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म को दर्शकों की तरफ से मिली-जुली प्रतिक्रिया ही मिली थी।
–आईएएनएस
एनएस/पीएम