आईपीएल 2026: आरसीबी के लिए आई बुरी खबर, डीसी के खिलाफ भी नहीं खेलेंगे फिल साल्ट

नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले बुरी खबर आई है। आरसीबी के विकेटकीपर-बल्लेबाज फिल साल्ट अभी भी पूरी तरह से फिट नहीं हैं, और वह डीसी के खिलाफ नहीं खेलेंगे।
‘क्रिकबज’ के अनुसार, दिनेश कार्तिक ने साल्ट के दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ न खेलने की पुष्टि की है। साल्ट इंजरी की वजह से गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भी नहीं खेले थे। साल्ट का अगले मैच से बाहर होना आरसीबी के लिए बड़ा झटका है। साल्ट ने आईपीएल 2026 में खेले 6 मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 168 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 202 रन बनाए हैं। साल्ट ने इस सीजन 2 अर्धशतक लगाए हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर अब तक 78 रन रहा है। साल्ट ने विराट कोहली संग मिलकर आरसीबी को अच्छी शुरुआत दी है।
साल्ट की गैरमौजूदगी में गुजरात टाइटंस के खिलाफ जैकब बेथेल को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था, लेकिन वह बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे। बेथेल 10 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 14 रन ही बना सके थे। आरसीबी का प्रदर्शन इस सीजन अब तक शानदार रहा है। रजत पाटीदार की अगुवाई में टीम ने 7 मुकाबलों में से 5 में जीत दर्ज की है, जबकि 2 मैच में टीम को हार का सामना करना पड़ा है।
आखिरी मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ आरसीबी ने 5 विकेट से जीत दर्ज की थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में 3 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 205 रन लगाए थे। हालांकि, आरसीबी ने 206 रनों के लक्ष्य को 18.5 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया था।
टीम की ओर से विराट कोहली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 44 गेंदों में 81 रनों की दमदार पारी खेली थी। अपनी इस पारी में उन्होंने 8 चौके और 4 छक्के लगाए थे। वहीं, देवदत्त पडिक्कल ने 27 गेंदों में 55 रनों की दमदार पारी खेली थी। कोहली-पडिक्कल ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 115 रनों की शानदार साझेदारी निभाते हुए मैच को पूरी तरह से एकतरफा कर दिया था।
–आईएएनएस
एसएम/डीकेपी