पुलिस और शिकारियों के बीच मुठभेड़, दो आरोपियों के पैरों में लगी गोली, तीन अन्य गिरफ्तार


पीलीभीत, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। पीलीभीत की बराही रेंज में पुलिस और शिकारियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपी घायल हुए हैं, जबकि चार अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया है। ये वही शिकारी हैं जो हाल ही में वन्य जीवों का शिकार करने के बाद वनकर्मियों पर फायरिंग कर चर्चा में आए थे। मामले में 15 अप्रैल को थाना माधोटांडा में इनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस पहले ही एक आरोपी को एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार कर चुकी है। ताजा मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

बता दें कि 15 अप्रैल को पीलीभीत टाइगर रिजर्व की बराही रेंज में कुछ लोगों ने जंगली जानवर का शिकार किया था और वन विभाग के अधिकारियों पर फायरिंग भी की थी। इस संबंध में थाना माधोटांडा में सुसंगत धाराओं में एक मुकदमा पंजीकृत भी किया गया। 21 अप्रैल को एक आरोपी हरजिंदर सिंह को जेल भेजा जा चुका है और उससे एक हथियार भी बरामद किया गया था।

एक सटीक सूचना पर पुलिस ने अन्य आरोपियों की घेराबंदी की तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। खुद का बचाव करते हुए पुलिस ने भी उस पर फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैरों में गोलियां लगी हैं, और तीन अन्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिस हथियार से आरोपियों ने वन्यजीव को मारा था, वह भी बरामद कर लिया गया है। इसके साथ ही एक अन्य हथियार भी बरामद किया गया है।

पीलीभीत के एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि 15 अप्रैल को पीटीआर के बराही जंगल में कुछ लोगों ने एक जंगली सुअर का शिकार किया और वनकर्मियों पर फायरिंग की थी। पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसे 21 अप्रैल को जेल भेजा जा चुका है।

उन्होंने बताया कि 24 अप्रैल की रात में एक सटीक सूचना पर पुलिस ने अन्य आरोपियों की घेराबंदी की। आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस पर जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी उन आरोपियों पर भी फायरिंग की। मुठभेड़ में दो आरोपियों के पैरों में गोलियां लगी हैं और तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

–आईएएनएस

एसडी/डीकेपी


Show More
Back to top button