ओलंपिक 2036 की मेजबानी हासिल करने के लिए हर जरुरी प्रयास हो रहा: डॉ. मनसुख मांडविया

बडगाम, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा है कि हमें कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 के आयोजन का अधिकार मिल चुका है। हमारा अगला लक्ष्य अब ओलंपिक 2036 की मेजबानी का अधिकार हासिल करना है। इसके लिए हम हर जरूरी प्रयास कर रहे हैं।
डॉ. मांडविया ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “देश ने 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी के लिए बोली जीत ली है। भारत ने 2036 में ओलंपिक गेम्स के लिए भी बोली लगाई है। इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी की जरूरतों को पूरा करने के लिए सभी तरीके अपनाए जा रहे हैं। देश में स्पोर्ट्स एक मजबूत इकोसिस्टम बन रहा है। फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहलों के जरिए, युवाओं को खेल में हिस्सा लेने के मौके मिल रहे हैं। स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल भी लाया गया है। इन कोशिशों से युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के मौके मिल रहे हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि अगले 10 सालों में, दुनिया के टॉप-10 खेल आधारित देशों में शामिल होगा।”
भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी का अधिकारी मिला है। कॉमनवेल्थ गेम्स की शुरुआत के 100 साल बाद होने वाले ‘कॉमनवेल्थ गेम्स 2030’ का आयोजन गुजरात के अहमदाबाद में होगा। गुजरात सरकार खेलों के इस महाकुंभ की तैयारी शुरू कर चुकी है। हाल ही में तैयारियों का जायजा लेने और आयोजन स्थल को देखने के लिए कॉमनवेल्थ की टीम भी गुजरात के दौरे पर थी।
भारत में आखिरी बार 2010 में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन हुआ था। उस समय दिल्ली में कॉमनवेल्थ हुआ था। ठीक 20 साल बाद अहमदाबाद इस बड़े खेल आयोजन का मेजबान बनेगा।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 का सफल आयोजन भारत के लिए ओलंपिक 2036 की मेजबानी का अधिकार दिलाने में बड़ी भूमिका निभा सकता है। कॉमनवेल्थ की तरह ही भारत अहमदाबाद में ही ओलंपिक के आयोजन का अधिकार चाहता है।
–आईएएनएस
पीएके