'उल्टा लटका कर सीधा कर दूंगा', गृह मंत्री अमित शाह ने 'टीएमसी के गुंडों' को दी चेतावनी

कोलकाता, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बंपर मतदान हुआ है। कुछ जगहों पर हिसंक घटनाएं हुईं, लेकिन ये संख्या पिछले चुनावों की अपेक्षा बहुत कम है। इस बीच गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दीदी के गुंडे को कहकर जाना चाहता हूं कि दूसरे चरण के मतदान के वक्त भी घर से बाहर मत निकलना, वरना उल्टा लटका कर सीधा कर दूंगा।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह उत्तर 24 परगना जिले में लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पहले चरण में दीदी के गुंडे घर से बाहर नहीं निकले, और मैं दीदी के गुंडों को कहकर जाना चाहता हूं कि दूसरे चरण में भी घर से बाहर मत निकलना वरना चार तारीख के बाद उल्टा लटका कर सीधा कर दूंगा।
गृह मंत्री का यह बयान उनके सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर शेयर किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मध्यमग्राम विधानसभा वासी संदेशखाली में महिलाओं के साथ अत्याचार भूले नहीं हैं।
गृह मंत्री अमित शाह मध्यमग्राम में एक रोड शो कर रहे थे और इसके बाद एकत्रित भीड़ को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान भारी भीड़ देखने को मिली।
बता दें कि भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने जानकारी दी कि तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों और पश्चिम बंगाल में मतदान के पहले चरण में मतदाताओं ने रिकॉर्ड-तोड़ भागीदारी देखने को मिली है। आजादी के बाद से भारत की लोकतांत्रिक यात्रा में एक अहम पड़ाव को रेखांकित किया है।
पश्चिम बंगाल में पहले चरण की वोटिंग में शाम 5 बजे तक 91.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह 2011 में बने पिछले रिकॉर्ड 84.72 प्रतिशत से भी ज्यादा था। महिलाओं की भागीदारी एक बार फिर सबसे आगे रही, जो 92.69 प्रतिशत थी। वहीं पुरुष मतदाताओं की भागीदारी 90.92 प्रतिशत थी।
चुनाव आयोग के अधिकारियों का कहना है कि ये चुनाव बड़े पैमाने पर लॉजिस्टिक्स और प्रशासनिक निगरानी के साथ संपन्न कराए गए।
–आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी