आईपीएल 2026: चोटिल म्हात्रे की जगह चेन्नई सुपर किंग्स ने मधवाल को साइन किया


मुंबई, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के बीच 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने आकाश मधवाल को 30 लाख रुपए में साइन किया है। आकाश को आयुष म्हात्रे की जगह टीम से जोड़ा गया है, जो हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण सीजन के शेष मुकाबलों से बाहर हो गए हैं।

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकाश मधवाल आईपीएल 2021 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए नेट बॉलर के तौर पर काम कर चुके हैं। साल 2023 में उन्होंने एमआई की तरफ से 8 मैच खेले, जिसमें 14 विकेट हासिल किए। अगले सीजन इसी टीम के लिए 5 मुकाबलों में 5 विकेट निकाले। साल 2025 में आकाश को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने अपने साथ जोड़ा। उस सीजन उन्हें सिर्फ 4 ही मुकाबलों की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया, जिसमें 4 विकेट हासिल किए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मधवाल ने चेन्नई सुपर किंग्स के ट्रायल्स में हिस्सा लिया था और खलील अहमद की जगह लेने के लिए एक मजबूत दावेदार थे। खलील अहमद जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।

चेन्नई सुपर किंग्स को शुरुआत में लगातार तीन हार का सामना करना पड़ा, लेकिन बाद में उसने लगातार 2 जीत हासिल करके वापसी की। चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल 2026 की प्वाइंट्स टेबल में फिलहाल 8वें पायदान पर मौजूद है।

सीएसके ने खलील के बिना अपना पहला मैच सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ खेला, जिसमें उन्होंने 20 ओवरों में 194 रन दिए और फिर वह मैच हार गए। इस बीच, भारत की अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता टीम के कप्तान म्हात्रे ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए इस सीजन की शुरुआत जोरदार तरीके से की। म्हात्रे ने 6 मुकाबलों में दो अर्धशतक लगाए, लेकिन एसआरएच के खिलाफ हाल ही में खेले गए मैच में बल्लेबाजी करते समय उन्हें बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी।

रुड़की के रहने वाले 32 वर्षीय आकाश ने कुल मिलाकर, आईपीएल करियर में आकाश ने अब तक 17 मैच खेले हैं, जिनमें उन्हें 23 विकेट हासिल हुए। आईपीएल 2026 की नीलामी में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला था। मीडियम-फास्ट बॉलर मधवाल को 2022-23 के घरेलू सीजन से पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए उत्तराखंड का कप्तान चुना गया था।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button