पहले चीन के लिए खेला, अब कजाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे टेबल टेनिस वर्ल्ड चैंपियन फैंग बो

बीजिंग, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। चीन की मेंस टेबल टेनिस टीम के पूर्व सदस्य फैंग बो अब भविष्य की प्रतियोगिताओं में कजाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे। हालांकि, इसमें ओलंपिक खेल, वर्ल्ड चैंपियनशिप और वर्ल्ड कप शामिल नहीं होंगे। फैंग ने सोमवार को इसका ऐलान किया।
फैंग ने चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘वीबो’ पर लिखा, “मैं अपनी वापसी की घोषणा करता हूं और कजाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करूंगा। मैंने नोमैड टेबल टेनिस एकेडमी के साथ सहयोग स्थापित किया है। मैं जून से वर्ल्ड टेबल टेनिस के इवेंट्स में प्रतिस्पर्धा करने की योजना बना रहा हूं। मेरे पास अभी भी चीनी नागरिकता है। मैं उन तीन बड़े टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा नहीं करूंगा।”
34 वर्षीय फैंग ने चीन को टीम वर्ल्ड कप 2015 और वर्ल्ड टीम चैंपियनशिप 2016 जीतने में मदद की थी। ‘सिन्हुआ’ की रिपोर्ट के अनुसार, फैंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2015 के फाइनल में पहुंचे थे, जहां उन्हें अपने ही टीम के साथी मा लोंग से हार का सामना करना पड़ा था।
फैंग ने 2021 में चीनी टीम से संन्यास की घोषणा की थी। उन्होंने अंत में कहा, “टेबल टेनिस के प्रति मेरा प्यार ही वह कारण है, जिससे मैं वापस आया हूं। मैं एक बार फिर अपनी सीमाओं को चुनौती देना चाहता हूं।”
‘शेकहैंड ग्रिप’ का इस्तेमाल करने वाले दाएं हाथ के इस 33 वर्षीय खिलाड़ी ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में पुरुषों के सिंगल्स फाइनल में जगह बनाई थी। उन्होंने इस सफर में दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी जू शिन और मौजूदा चैंपियन झैंग जिके को हराया था।
साल 2017 में फैंग ने जर्मनी की पेट्रिसा सोल्जा के साथ जोड़ी बनाकर जर्मनी के डसेलडोर्फ में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप के मिक्स्ड डबल्स इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। फैंग ने एशियन चैंपियनशिप 2017 में भी डबल्स में सिल्वर और मिक्स्ड डबल्स में ब्रॉन्ज जीता था। उन्होंने 2013, 2015 और 2017 में आईटीटीएफ वर्ल्ड टूर में कुल 6 मेडल जीते, जिनमें 3 गोल्ड शामिल थे।
साल 2009 में, फैंग बो चीनी राष्ट्रीय टेबल टेनिस टीम में शामिल हुए। दिसंबर 2009 में उन्होंने वर्ल्ड जूनियर चैंपियशिप में टीम और व्यक्तिगत, चारों खिताब जीते। ऐसा करने वाले वह चीन के पहले युवा खिलाड़ी बने थे।
–आईएएनएस
आरएसजी