राजस्थान की रिफाइनरी में आग के चलते स्थगित हुआ पीएम मोदी का उद्घाटन कार्यक्रम


नई दिल्ली, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि एचआरआरएल रिफाइनरी के क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (सीडीयू) के पास आग लगने की घटना के चलते 21 अप्रैल 2026 को होने वाला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रिफाइनरी के उद्घाटन का कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। मंत्रालय ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

मंत्रालय ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में कहा कि इस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है और जरूरी सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। उद्घाटन के लिए नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।

बताया जा रहा है कि सोमवार को राजस्थान के बाड़मेर जिले स्थित पचपदरा रिफाइनरी में अचानक आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यह घटना उद्घाटन से ठीक एक दिन पहले हुई, जिससे अधिकारियों में चिंता बढ़ गई, क्योंकि रिफाइनरी कार्यक्रम स्थल से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग बुझाने के लिए करीब 20 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इमरजेंसी टीमों और रिफाइनरी के कर्मचारियों ने मिलकर इनबिल्ट सिस्टम की मदद से आग पर काबू पाया। पुलिस कंट्रोल रूम के अधिकारियों के मुताबिक, लगातार प्रयासों के बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने इस घटना को ‘मामूली’ बताया और कहा कि आग को सफलतापूर्वक बुझा दिया गया है। यह घटना उस समय हुई, जब राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उद्घाटन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए वहां पहुंचने वाले थे।

हालांकि, इस घटना से किसी बड़े नुकसान या बाधा की सूचना नहीं है, लेकिन आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।

गौरतलब है कि यह रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स भारत की ऊर्जा सुरक्षा और औद्योगिक विकास के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। यह परियोजना हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) और राजस्थान सरकार के संयुक्त उद्यम के रूप में विकसित की गई है, जिसमें 79,450 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश किया गया है।

करीब 9 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष क्षमता वाली यह परियोजना देश के सबसे बड़े ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट्स में से एक है। इसे आधुनिक तकनीक से लैस रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल उत्पादन के एकीकृत केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।

–आईएएनएस

डीबीपी


Show More
Back to top button