आईएनसीए अवॉर्ड्स में निरहुआ की फिल्म को मिला 'बेस्ट फीचर फिल्म' का खिताब


मुंबई, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। भोजपुरी सिनेमा के मशहूर गायक और अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ की फिल्म ‘हमार नाम बा कन्हैया’ को हाल ही में बड़ा सम्मान मिला। दरअसल, इस फिल्म ने इंडियन नेशनल सिने अकादमी (आईएनसीए) अवॉर्ड्स में बेस्ट फीचर फिल्म और बेस्ट डायरेक्शन का पुरस्कार अपने नाम किया।

अभिनेता ने शनिवार को इस खुशी को अपने फैंस के साथ शेयर किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अवॉर्ड समारोह की कुछ तस्वीरें और वीडियोज पोस्ट किए। पहली तस्वीर में चमकता हुआ अवॉर्ड दिख रहा है, जबकि दूसरी में वे अपनी पूरी टीम के साथ पुरस्कार थामे मुस्कुराते नजर आ रहे हैं।

अभिनेता ने खुशी जाहिर करते हुए लिखा, “हमारी फिल्म ‘हमार नाम बा कन्हैया’ को बेस्ट फीचर फिल्म और बेस्ट डायरेक्शन का अवॉर्ड मिला है। पूरी टीम को दिल से बधाई। उनकी मेहनत, लगन और रचनात्मकता की वजह से यह सफलता हासिल हुई है। यह सम्मान उन सभी का है, जिन्होंने इस कहानी पर भरोसा किया और उसे पर्दे पर खूबसूरती से उतारा।”

अभिनेता ने आगे लिखा कि आगे भी ऐसी ही कई सफलताएं मिलने की उम्मीद हैं। उन्होंने आईएनसीए अवॉर्ड्स आयोजकों को खास तौर पर धन्यवाद दिया और लिखा, “हम बहुत आभारी और सम्मानित महसूस कर रहे हैं।”

यह फिल्म भोजपुरी सिनेमा में एक नई और अलग कहानी लेकर आई थी। इसमें दिनेश लाल यादव मुख्य भूमिका में थे। निर्देशक विशाल वर्मा को भी बेस्ट डायरेक्टर का पुरस्कार मिला है। पूरी टीम इस उपलब्धि पर बेहद खुश है।

दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ की फिल्म ‘हमार नाम बा कन्हैया’ एक बहुचर्चित भोजपुरी सस्पेंस-थ्रिलर है, जो 4 जुलाई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। गिरिराज प्रोडक्शन हाउस की इस फिल्म में निरहुआ एक सिक्योरिटी गार्ड की मुख्य भूमिका में हैं, जो बैंक रॉबरी के इर्द-गिर्द घूमती है। इसे एक डार्क कॉमेडी थ्रिलर बताया गया है, जो पारंपरिक भोजपुरी फिल्मों से काफी अलग है।

फिल्म में दिनेश लाल यादव (निरहुआ), संजय पांडेय, समर कात्यायन, अयाज खान, मुक्तेश्वर ओझा, राजेश तोमर और अमृता पाल जैसे कलाकार अहम भूमिका में नजर आए थे। फिल्म के निर्माता मुकेश गिरी रिंकू हैं और निर्देशन विशाल वर्मा ने किया है।

–आईएएनएस

एनएस/डीकेपी


Show More
Back to top button