'राजा शिवाजी' का पहला गाना रिलीज, हिंदवी स्वराज्य की दिखी भव्यता


मुंबई, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। रितेश देशमुख द्वारा निर्देशित और अभिनीत बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक एक्शन-ड्रामा ‘राजा शिवाजी’ का पहला गाना ‘राजा शिवाजी एंथम – छत्रपति’ रिलीज कर दिया गया है। यह फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और विरासत पर आधारित एक ऐतिहासिक महाकाव्य है।

यह गाना फिल्म के संगीत एल्बम का हिस्सा है, जिसे देश म्यूजिक और वॉर्नर म्यूजिक इंडिया ने मिलकर जारी किया है। गाने को मशहूर संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल ने कंपोज किया है। अजय गोगावले की दमदार आवाज ने इसे और भी ज्यादा प्रभावशाली बनाया है। 80 कोरस गायकों के साथ तैयार किया गया यह एंथम हिंदवी स्वराज्य के गौरव, साहस और भावना को बयां करता है।

गाने की कोरियोग्राफी रेमो डिसूजा ने की है। यह एंथम फिल्म का एक खास पल है, जिसमें भव्यता और आत्मा का सुंदर मेल देखने को मिलता है। संगीतकार अजय-अतुल ने गाने के बारे में अपनी प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा, “हम शुरू से ही जानते थे कि भले ही गाने की लंबाई ज्यादा है, लेकिन इसकी भावना, सच्चाई और श्रद्धा महत्वपूर्ण है। हर धुन में गौरव है, लेकिन साथ ही उस विरासत के प्रति पूरा सम्मान भी है, जिसका यह प्रतिनिधित्व करता है। जब आप इतनी बड़ी विरासत पर काम करते हैं, तो आपको पूरी तरह समर्पित होना पड़ता है। अगर इस गाने को सुनकर लोगों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं, तो यह अच्छी बात है। लेकिन हम चाहते हैं कि यह गाना लोगों के दिलों में गहराई तक उतरे और उन्हें हमेशा याद रहे।”

रितेश देशमुख द्वारा निर्देशित फिल्म ‘राजा शिवाजी’ में दमदार कलाकारों की टोली नजर आएगी। इसमें संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, बोमन ईरानी, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी, अमोल गुप्ते और जेनेलिया देशमुख मुख्य भूमिकाओं में हैं।

‘राजा शिवाजी’ 1 मई को मराठी, हिंदी और तेलुगु भाषाओं में दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

यह फिल्म भारत के इतिहास के उस महाकाव्य को बड़े पर्दे पर जीवंत करेगी, जिसमें भव्यता, भावना और शानदार दृश्यों के साथ छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत का जश्न मनाया जाएगा। फिल्म न सिर्फ मनोरंजन करेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वराज्य और साहस की प्रेरणा भी देगी।

–आईएएनएस

एनएस/एबीएम


Show More
Back to top button