बलूचिस्तान के रिहायशी इलाके में पाक सेना ने बरसाए बम, 12 की मौत


क्वेटा, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। बलूचिस्तान में फिर पाकिस्तानी सेना की ज्यादती सुर्खियों में है। स्थानीय मीडिया ने मंगलवार को सूत्रों के हवाले से बताया कि प्रांत के बरखान के एक रिहायशी इलाके में बम बरसाए गए जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत 12 की मौत हो गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बीएलए ने भी दावा किया कि उसने 8-12 अप्रैल के बीच अलग-अलग हमलों में आठ पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक कुछ अज्ञात हथियारबंद लोगों ने पाकिस्तानी सेना पर हमला किया, जिसमें 12 सुरक्षाकर्मी मारे गए।

हमले के बाद, पाकिस्तानी सेना ने कथित तौर पर रिहायशी इलाकों में बड़े पैमाने पर ऑपरेशन शुरू किया, जिसमें लोग मारे गए। मरने वालों में 70 साल के शख्स से लेकर 2 साल का बच्चा शामिल है।

सूत्रों ने यह भी बताया कि ऑपरेशन के दौरान एक गाड़ी के अंदर कई शव थे जिन्हें आग लगा दी गई। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पाकिस्तानी सेना की कार्रवाई की आलोचना करते हुए, बलूच अमेरिकन कांग्रेस के अध्यक्ष तारा चंद ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, एक्स पोस्ट में लिखा, “हम इस हरकत की कड़ी निंदा करते हैं और मानते हैं कि जो भी सेना बेगुनाह आम लोगों को नुकसान पहुंचाने में शामिल है, उसे ऐसी हरकतों के लिए बहुत शर्मिंदा होना चाहिए।”

इस पूरे मामले को लेकर अब तक पाक सेना की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है।

दूसरी ओर बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने 8-12 अप्रैल के बीच अलग-अलग हमलों में 8 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया। ग्रुप के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी, जिसे बलूचिस्तान पोस्ट ने प्रकाशित किया।

एक बयान में, बीएलएफ प्रवक्ता मेजर ग्वाहरम बलूच ने कहा कि ऑपरेशन में पाकिस्तानी मिलिट्री फोर्स, फ्रंटियर कॉर्प्स के जवानों और अवारन, दश्त, क्वेटा और चगाई में पुलिस पोस्ट को टारगेट किया गया, जबकि बरखान, झाओ और मश्के में कम्युनिकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी हमला किया गया।

उन्होंने कहा कि लड़ाकों ने अवारन के अहोरी इलाके में आठ मिलिट्री गाड़ियों के काफिले पर घात लगाकर हमला किया, और उनके साथ चल रहे वाहनों पर रॉकेट लॉन्चर और ऑटोमैटिक हथियारों से निशाना साधा ताकि मूवमेंट को रोका जा सके।

बयान में कहा गया, “इस हमले में, पाक सेना की 3 गाड़ियां तबाह हो गईं, जिससे सेना के पांच जवान मौके पर ही मारे गए और 4 गंभीर रूप से घायल हो गए।”

–आईएएनएस

केआर/


Show More
Back to top button