उत्तर प्रदेश के लिए हर बार कुछ नया लेकर आते हैं प्रधानमंत्री मोदी: दानिश आजाद


लखनऊ, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा नेता दानिश आजाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहारनपुर दौरे को उत्तर प्रदेश की जनता के लिए अहम बताया। इस दौरे के दौरान पीएम मोदी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन भी कर रहे हैं, जिसे प्रदेश के विकास के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है।

दानिश आजाद ने कहा कि जब भी प्रधानमंत्री मोदी उत्तर प्रदेश आते हैं, तो वे हमेशा प्रदेश के लिए कुछ न कुछ नया लेकर आते हैं और इस बार भी ऐसा ही होने जा रहा है। पूरे उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है और लोग उनका स्वागत करने के लिए तैयार हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राज्य की योगी सरकार लगातार प्रदेश के विकास के लिए काम कर रही है। डबल इंजन सरकार के तहत केंद्र और राज्य मिलकर उत्तर प्रदेश को आगे बढ़ाने में जुटे हैं, जिससे प्रदेश में हर तरफ विकास देखने को मिल रहा है।

दानिश आजाद ने इस मौके पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती का भी जिक्र किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब ने देश को जो संविधान दिया, वह आज भारत की सबसे मजबूत नींव है। उनके विचार और आदर्श आज भी देश को दिशा देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश और दुनिया में बाबासाहेब को याद किया जा रहा है और उनकी शिक्षाओं को अपनाने की जरूरत है।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य की सरकारें बाबासाहेब के आदर्शों पर चलते हुए काम कर रही हैं। उनका कहना है कि देश को जिस स्वरूप में देखने का सपना बाबासाहेब और अन्य महान विभूतियों ने देखा था, उसे साकार करने के लिए सरकार पूरी ईमानदारी से प्रयास कर रही है।

इसके अलावा, दानिश आजाद ने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दौरे को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पश्चिम बंगाल की याद सिर्फ चुनाव के समय ही आती है। पिछले पांच सालों में उन्होंने राज्य की सुध नहीं ली, लेकिन जैसे ही चुनाव नजदीक आए, उन्हें बंगाल की याद आ गई।

उनका आरोप है कि कांग्रेस पार्टी का मकसद पश्चिम बंगाल की जनता को गुमराह करना है, न कि राज्य के विकास के लिए कोई ठोस योजना देना। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसने पश्चिम बंगाल के विकास के लिए क्या सोचा है और उसकी क्या रणनीति है। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता सब समझती है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब जरूर देगी।

–आईएएनएस

पीआईएम/एएस


Show More
Back to top button