मुख्यमंत्री ने 510 अभ्यर्थियों को दिए नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री ने 510 अभ्यर्थियों को दिए नियुक्ति पत्र

लखनऊ। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गुरुवार को लोकभवन में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग एवं उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 199 समीक्षा अधिकारी, सहायक समीक्षा अधिकारी सचिवालय प्रशासन विभाग, परिवहन विभाग के 183 कनिष्ठ सहायक,निर्वाचन विभाग में 128 कनिष्ठ सहायक, मिलाकर 510 नव चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किये।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज नियुक्ति पाने वालों में गोण्डा, बिजनौर, अयोध्या और अंबेडकरनगर के अभ्यर्थी हैं। पहले यह संभव नहीं था। कुछ जिलों के लोग ही चयनित होते थे। पिछले छह साल में छह लाख सरकारी नौकरी दी गयी है। पिछले डेढ़ वर्ष में 16 नियुक्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किये गए। 54 हजार से अधिक सरकारी नौकरी देने में हम सफल हुए हैं, जहां चाह वहां राह। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में चुनाव देखा है। जिस दिन मतदान था, उस दिन तो हिंसा के चलते लोगों की मौत हुई ही, मतगणना के दौरान भी लोग मारे गये। पंचायत चुनाव से लेकर निकाय के चुनाव हुए। लोकसभा चुनाव हुए। कोई हिंसा नहीं हुई। कोई उपद्रव नहीं। बूथ कैप्चरिंग की कोई गुंजाइश नहीं। वे लोग लोकतंत्र की बात करते हैं। सबसे अधिक लोकतंत्र का गला वे लोग ही घोंटते हैं जो लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए हल्ला करते हैं। मुख्यमंत्री योगी ने चयनित युवाओं से कहा, कुछ कर गुजरने की तमन्ना होनी चाहिए। प्रधानमंत्री कहते हैं कि सामने आई चुनौतियों से घबरा जाने वाले कुछ नहीं कर सकते। डटकर सामना करना चाहिए। जो व्यवहार हमें अच्छा नहीं लगता उसे किसी और के साथ नहीं करना चाहिए। शासन ने निर्णय लिया है कि किसी भी टेबल पर तीन दिन से अधिक फाइल नहीं रुकनी चाहिए। हम दौरों पर रहने के बावजूद वापस आते ही फाइलों का निपटारा करते हैं। कोई फाइल पेंडिंग नहीं रखता।संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने नवचयनित युवाओं से कहा कि कल तक आप लोग सरकारी दफ्तरों में जाने पर कर्मचारियों, अधिकारियों से जो व्यवहार करते थे, अब आप से भी वही अपेक्षा होगी। दूसरी अपेक्षा लोग करते हैं कि उनका कार्य बिना लाग-लपेट के हो जाए। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद से आप सामान्य नागरिक नहीं रह गए। आप पर जिम्मेदारी है, उसे बेहतरी के साथ निभाईए। पारदर्शी तरीके से भर्ती हुई है। आज हर कोई चाहता है कि उसके प्रदेश का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हों। परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह ने कहा कि पहले नौकरियों में लूट होती थी। आज योग्य युवाओं के घर नौकरी चल कर जाती है। पूरी पारदर्शिता के भर्ती प्रक्रिया अपनाई गयी है। यह सरकारी नौकरी की बात है, परिवहन विभाग में संविदा कर्मियों की भर्ती में भी इसी प्रकार की पारदर्शी व्यवस्था अपनाई गयी है। दिव्या, रश्मि वर्मा, आशीष, अपर्णा मौर्या, अमित कुमार तिवारी, सचिवालय प्रशासन विभाग हनुमंत प्रसाद सिंह, वंदना वर्मा, दीप्ति यादव, शैलेन्द्र कुमार रावत जैसे अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से मंच पर नियुक्ति पत्र दिया।

E-Magazine