दोस्ती के रिश्ते को अनमोल मानते हैं अनुपम खेर, शेयर की अपने नए दोस्त के साथ सेल्फी

मुंबई, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। 550वीं फिल्म कर चुके अनुपम खेर जितने अच्छे अभिनेता हैं, असल जिंदगी में उतने ही मिलनसार हैं।
अभिनेता बहुत जल्दी दोस्त बना लेते हैं और खुद भी दूसरों की जिंदगी का हिस्सा बन जाते हैं। अब अभिनेता ने अपने नए दोस्त से मिलवाया है, जो बहुत शालीन हैं। अनुपम खेर के मुताबिक दोस्ती को कुछ ही साल हुए हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि कितने दशकों से जानते हैं।
अनुपम खेर ने इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी पुनीत छटवाल के साथ फोटो पोस्ट की है और उन्हें अपना सबसे करीबी दोस्त बताया है। अभिनेता के मुताबिक, जब भी वे उनसे मिलते हैं, तो ऐसा लगता है कि किसी अपने से मिल रहे हैं। उन्होंने निदेशक के व्यवहार की भी खूब तारीफ की है।
अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर फोटोज शेयर कर लिखा, “एक सौम्य उपस्थिति की खामोश शक्ति! कुछ लोग प्रभाव छोड़ने में सालों नहीं लगाते, बल्कि वे पल भर में ही ऐसा कर देते हैं। मेरे प्रिय मित्र पुनीत छटवाल ऐसे ही एक व्यक्ति हैं। मैं उन्हें पिछले तीन-चार वर्षों से ही जानता हूं, लेकिन उनमें एक ऐसी शालीनता है जो दुर्लभ है। और सबसे महत्वपूर्ण, एक सच्ची उपलब्धता जो आपको महत्व का एहसास कराती है।”
अभिनेता ने बताया कि पुनीत ताज होटल्स एंड पैलेसे के सीईओ हैं और उनके पास दुनिया जहान की विलासता है लेकिन फिर भी वे बिल्कुल शांत और सौम्य किस्म के इंसान हैं। वे आपको पूरा अटेंशन देते हैं और अभिनेता के लिए वे बहुत अनमोल हैं। पुनीत छटवाल की तारीफ कर अभिनेता ने आगे लिखा, “पुनीत विचारों की स्पष्टता, जीवन और कार्य के प्रति उनका दृष्टिकोण, और जिस शांत आत्मविश्वास के साथ वे खुद को प्रस्तुत करते हैं, उनसे बहुत कुछ सीखने को मिलता है। मुझे उन्हें मित्र के रूप में पाकर बहुत खुशी हो रही है और उनसे लगातार सीखने का अवसर मिलता है।”
अनुपम खेर के दोस्ताना स्वभाव के बारे में काफी लोगों को पता है। वेकेशन के दौरान भी वे अजनबियों से बात करते हैं और उनके मन और विचारों को जानने की कोशिश करते रहते हैं। फिलहाल मिलनसार अभिनेता अपने थिएटर शो ‘कुछ भी हो सकता है’ में व्यस्त हैं।
–आईएएनएस
पीएस/एएस