आईपीएल 2026: आरसीबी को 7वीं बार होना पड़ा मायूस, पंजाब किंग्स के अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी की


गुवाहाटी, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में शुक्रवार को बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच एक रोमांचक मुकाबला खेला गया। आरसीबी 201 रन बनाकर भी मैच हार गई और पंजाब किंग्स के एक निराशाजनक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

आईपीएल के इतिहास में यह 7वां मौका था, जब आरसीबी 200 या उससे अधिक रन का बचाव नहीं कर सकी। सीजन में प्रचंड फॉर्म में चल रही आरसीबी के लिए यह सिर्फ हार नहीं थी। हार के साथ ही आरसीबी ने पंजाब किंग्स के हारने के एक रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। पंजाब किंग्स भी आईपीएल में 7 बार 200 या उससे अधिक का स्कोर करने के बाद मैच हारी है।

इन दोनों टीमों के अलावा 200 या उससे अधिक का स्कोर बनाने के बाद सर्वाधिक मैच गंवाने वाली टीमें चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और कोलकाता नाइट राइडर्स हैं। सीएसके 6 बार और केकेआर 5 बार हारी है।

यह पांचवां मौका था जब आरआर ने 200 या उससे अधिक के लक्ष्य का पीछा करते हुए मैच जीता। यह उपलब्धि सबसे ज्यादा पंजाब के नाम है। पंजाब ने 9 बार यह काम किया है। मुंबई इंडियंस 6 बार, सनराइजर्स हैदराबाद 4 बार, और आरसीबी 4 बार यह उपलब्धि हासिल कर चुकी है।

मैच की बात करें तो आरआर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान रजत पाटीदार के 63, विराट कोहली के 32, वेंकटेश अय्यर के 29, और रोमारियो शेफर्ड के 22 रन की मदद से आरसीबी ने 8 विकेट पर 201 रन बनाए थे।

202 रन के लक्ष्य को आरआर ने सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल की तूफानी पारियों की बदौलत 18 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। वैभव ने एक बार फिर 15 गेंदों पर अर्धशतक लगाते हुए 26 गेंदों पर 7 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 78 रन की पारी खेली। जुरेल 43 गेंदों पर 3 छ्क्कों और 8 चौकों की मदद से 81 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके साथ जडेजा 24 रन बनाकर नाबाद रहे। वैभव सूर्यवंशी प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

–आईएएनएस

पीएके


Show More
Back to top button