मथुरा में नाव हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु समेत कई नेताओं ने जताया शोक


नई दिल्ली, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शुक्रवार को एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आया, जब यमुना नदी में एक नाव अचानक से पलट गई। इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों के लापता होने की खबर है। इस दुखद घटना पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और रक्षा मंत्री ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म एक्‍स पर पोस्‍ट कर दुख जताते हुए लिखा मथुरा, उत्तर प्रदेश में नाव दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

वहीं, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्‍णन ने एक्‍स पर पोस्‍ट कर दुख जताया हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश के मथुरा में नाव पलटने की घटना से मैं अत्यंत दुखी हूँ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

इसके अलावा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस हादसे को बेहद पीड़ादायक बताते हुए सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म एक्‍स पर पोस्‍ट में लिखा कि उत्तर प्रदेश के मथुरा में नाव पलटने की दुखद घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इस हादसे में जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है उनके शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

दरअसल, यह घटना शुक्रवार दोपहर को मथुरा के प्रसिद्ध केसी घाट के पास यमुना नदी में घटी, जब श्रद्धालुओं को ले जा रही एक नाव पलट गई। जिला मजिस्ट्रेट सीपी सिंह के अनुसार, यह हादसा दोपहर करीब 2:45 बजे हुआ जब लुधियाना के लगभग 30 लोग दो नावों में सैर कर रहे थे। बताया जाता है कि एक नाव पीपा पुल से टकराने के बाद डूब गई।

फिलहाल, प्रशासन द्वारा बचाव अभियान तेज कर दिया गया है और आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।

–आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी


Show More
Back to top button