आईपीएल 2026: एमआई के कैंप में शामिल हुए बुमराह, केकेआर के खिलाफ खेलने की संभावनाएं


नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत शनिवार से होने जा रही है, जिससे पहले तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह मुंबई लौट आए हैं। उम्मीद की जा रही है कि मुंबई इंडियंस (एमआई) का यह तेज गेंदबाज रविवार को खेलने के लिए उपलब्ध रहेगा।

मुंबई इंडियंस (एमआई) की टीम रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल 2026 का दूसरा मुकाबला खेलेगी। ‘क्रिकबज’ की रिपोर्ट के मुताबिक, बुमराह शुक्रवार शाम को टीम होटल पहुंचे। फिलहाल जसप्रीत बुमराह के रविवार को खेलने की अंतिम पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एमआई से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि उनके इस मैच में खेलने की संभावनाएं बहुत ज्यादा हैं।

उल्लेखनीय है कि जसप्रीत बुमराह पिछले 5 दिनों से बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में थे, लेकिन सूत्रों के अनुसार इसमें चिंता की कोई बात नहीं है। यह एक सामान्य प्रक्रिया थी जिसका मकसद उनके वर्कलोड पर नजर रखना था। पिछले कुछ दिनों में, बुमराह ने पूरी रफ्तार से गेंदबाजी की है। वह मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करने के लिए पूरी तरह फिट हैं।

आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस 14 में से सिर्फ 8 ही मैच जीत सकी थी। हालांकि, मुंबई इंडियंस ने प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर रहते हुए किसी तरह प्लेऑफ में जगह बनाई, लेकिन 5 बार की आईपीएल विजेता टीम अपनी प्रतिष्ठा को देखते हुए टॉप-2 में रहना ज्यादा पसंद करेगी।

मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों ने शुक्रवार रात वानखेड़े स्टेडियम में अभ्यास किया। रविवार रात होने वाले मैच से पहले, दोनों टीमें शनिवार को एक और अभ्यास सत्र करेंगी, जिस पर सभी की नजरें जसप्रीत बुमराह पर टिकी होंगी।

29 मार्च को केकेआर के खिलाफ सीजन के अपने पहले मैच के बाद मुंबई इंडियंस 4 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के विरुद्ध मुकाबले में उतरेगी। इसके बाद टीम 7 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ मैच खेलेगी। इस टीम का चौथा मुकाबला 12 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से होगा।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button