धोनी-रोहित से बेहतर रहेगा आईपीएल 2026 में विराट कोहली का प्रदर्शन: आकाश चोपड़ा


नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। भारत के पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा का मानना है कि एमएस धोनी और रोहित शर्मा के मुकाबले विराट कोहली आईपीएल 2026 में ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी साबित होंगे। आकाश का कहना है कि विराट की फिटनेस कमाल की है और उनकी बल्लेबाजी में निरंतरता है।

आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को चैंपियन बनाने में विराट कोहली का रोल बल्ले से काफी अहम रहा था। कोहली ने 15 मुकाबलों में 144 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 657 रन बनाए थे। इस दौरान विराट ने 8 अर्धशतक लगाए थे। आकाश ने ‘जियोस्टार’ से बात करते हुए कहा, “पूरा ध्यान फिर से विराट कोहली पर रहेगा, क्योंकि वह बहुत फिट हैं। हां, सीरीज के बीच गैप होते हैं और ऑस्ट्रेलिया में उसी गैप के कारण वह रन नहीं बना सके थे। हालांकि, उन्होंने जब एक बार रन बनाना शुरू किया, तो लगातार निरंतरता के साथ रन बनाने का तरीका खोज लिया।”

आकाश ने आगे कहा, “जिस तरह की फिटनेस उन्होंने इतने समय में हासिल की है वो उनको सबसे खास बनाती है। कोहली आईपीएल में सलामी बल्लेबाज भी हैं, तो उनके पास खुद को फॉर्म में लाने के लिए ज्यादा समय रहता है। यही बात रोहित शर्मा पर भी लागू होती है, लेकिन उन दोनों में से मुझे अब भी लगता है कि विराट कोहली के लिए यह थोड़ा आसान है।”

आकाश ने भी बताया कि धोनी के लिए आईपीएल 2026 में जोरदार शुरुआत करना क्यों मुश्किल हो सकता है। उन्होंने कहा, “धोनी के लिए भी यह थोड़ा मुश्किल है, क्योंकि वह 40 के पार हैं। उनके लिए 10 महीने तक कुछ नहीं खेलना फिर आईपीएल में आना और खेलना और ऐसे नंबर पर खेलना जहां उन्हें सिर्फ 10-12 गेंदें मिलें, यह सबसे मुश्किल काम है। फिर 20 ओवर कीपिंग भी होती है, इसलिए उनका काम शायद सबसे मुश्किल है।”

चोपड़ा ने आगे कहा कि रोहित से उम्मीद है कि वह टॉप ऑर्डर में अपनी आक्रामक शैली जारी रखेंगे और मुंबई इंडियंस के दूसरे बल्लेबाजों के लिए प्लेटफॉर्म सेट करेंगे। “जब आप मुंबई इंडियंस के बैटिंग ऑर्डर का हिस्सा होते हैं, तो रोहित शर्मा के लिए मंच सेट करना जरूरी होता है। रोहित एक खास तरीके से बैटिंग करना चाहते हैं। उन्होंने अपनी राय पहले ही पब्लिक कर दी है। हालांकि, अगर आप ऐसे सेटअप का हिस्सा हों, जहां दूसरे छोर पर क्विंटन डी कॉक हैं, उसके बाद तिलक, सूर्या, हार्दिक, विल जैक्स या शेरफेन रदरफोर्ड और फिर नमन धीर हैं, तो और क्या विकल्प है? आपको 20 ओवर्स का पूरा फायदा उठाना होगा और खासतौर पर शुरुआती छह ओवरों का।” आकाश के अनुसार, इसी कारण रोहित से आक्रामक बल्लेबाजी की उम्मीद की जाएगी।

–आईएएनएस

एसएम/एएस


Show More
Back to top button